केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) ने रविवार को रेलवे के एक बड़े अधिकारी को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने कहा कि जांच एजेंसी ने भारतीय रेलवे इंजीनियरिंग सेवा के एक अधिकारी को 1 करोड़ रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया। इसी के साथ CBI ने देशभर में 20 जगहों पर तलाशी ली।

जांच एजेंसी ने कहा कि उन्होंने 1985 बैच के Indian Railways Engineering Services (IRES) अधिकारी महेंद्र सिंह चौहान को हिरासत में लिया है। उनपर आरोप है कि वह एक प्राइवेट कंपनी को रेलवे में ठेका दिलवाने के नाम पर रिश्वत ले रहे थे। केंद्रीय जांच एजेंसी CBI ने रिश्वत की रकम को बरामद कर लिया है। इसी के साथ जांच एजेंसी ने दिल्ली, असम, उत्तराखंड और दो अन्य स्थानों पर 20 जगहों पर तलाशी ली है।

CBI अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय जांच एजेंसी को गुप्त सूचना मिली थी कि नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे का एक अधिकारी ठेके दिलवाने के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहा है। इसके बाद जांच एजेंसी ने जाल बिछाया और मामले का खुलासा किया।  
 
जांच में यह भी पाया गया है कि जिस कंपनी को रिश्वत देकर ठेके मिलने थे उस कंपनी को इससे पहले भी रेलवे में बड़े ठेके मिले हैं। जांच एजेंसी को तलाशी के दौरान कई दस्तावेज भी मिले हैं। फिलहाल जांच एजेंसी महेंद्र सिंह चौहान समेत 3 लोगों से पूछताछ कर रही है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।