कोरोना महामारी को देखते हुए CBSE 12वीं की बोर्ड परीक्षा रद्द हो गई है। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2021 पर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में यह फैसला लिया गया है। पीएम मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मत्री प्रकाश जावड़ेकर और रेल मंत्री पीयूष गोयल भी इस बैठक में शामिल थे।
देश भर में कोरोना महामारी को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट में कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा रद्द करने की याचिका भी दायर की गई है। कक्षा 12 की परीक्षा रद्द करने के संबंध में अगली सुनवाई तीन जून, 2021 को है। केंद्र ने 31 मई को सुप्रीम कोर्ट को सूचित किया था कि अगले दो दिनों में कक्षा 12 की परीक्षा पर फैसला लिया जाएगा।
इस उच्चस्तरीय बैठक में सीबीएसई के चेयरमैन ने भी भाग लिया। इस दौरान पीएम मोदी को परीक्षा के आयोजित करने के सभी विकल्पों की जानकारी दी गई। हालांकि, बैठक के बाद इस नतीजे पर पहुंचा गया कि कोरोना की दूसरी लहर में सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा आयोजित करना सही नहीं होगा।
इसके बाद इन परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला किया गया। बाद में जब भी परीक्षा से संबंधित कोई फैसला लिया जाएगा तो उसके बारे में छात्रों के माता-पिता को जानकारी दी जाएगी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कोरोना महामारी फैलने के कारण 14 अप्रैल को 10वीं बोर्ड परीक्षा रद्द करने और 12वीं बोर्ड परीक्षा स्थगित करने की घोषणा की थी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने परीक्षा न कराने का पक्ष लिया है। इस बारे में उन्होंने मंगलवार को एक ट्वीट कर कहा कि 12वीं की परीक्षा को लेकर बच्चे और पेरंट्स काफी चिंतित हैं। वे चाहते हैं कि बिना वैक्सिनेशन 12वीं की परीक्षा नहीं होनी चाहिए मेरी केंद्र सरकार से अपील है कि 12वीं की परीक्षा रद्द की जाए। पिछले परफॉर्मेंस के आधार पर उनका आंकलन किया जाए।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें.
