डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने 15 सितंबर को मुंद्रा पोर्ट (Mundra Port) पर दो कंटेनर जब्त किए। उनके पास जानकारी थी कि इनमें भारत में सप्लाई के लिए ड्रग्स (Drugs) ले जाई जा रही है। शुरुआती अनुमान से पता चला कि ड्रग्स की कीमत 3500 करोड़ रुपए थी, लेकिन छह दिन की जांच के बाद कैश 20,000 करोड़ रुपए से ज्यादा होने का अनुमान है। इसमें भारी मात्रा में हेरोइन (Heroin) है।
जानकारी के मुताबिक, चेन्नई के एक दंपति गोविंदराजू दुर्गापूर्ण वैशाली और उनके पति मच्छवरम सुधाकर ने इन कंटेनरों का इंपोर्ट करते हुए दावा किया था कि वे टैल्कॉम पाउडर इंपोर्ट करते हैं। उनकी विजयवाड़ा स्थित कंपनी आशी ट्रेडिंग कंपनी इंपोर्टर थी। एक्सपोर्ट करने वाली कंपनी कंधार स्थित हसन हुसैन लिमिटेड है।
चेन्नई स्थित दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें भुज कोर्ट में पेश किया गया है और 10 दिन की हिरासत में भेज दिया गया है। ड्रग्स की सप्लाई अफगानिस्तान से की गई थी। इसे पहले ईरान के एक अब्बास पोर्ट पर भेजा गया और फिर इन कंटेनरों में मुंद्रा के लिए रवाना कर दिया गया।
DRI आगे की जांच कर रहा है और अहमदाबाद, मुंद्रा, चेन्नई, विजयवाड़ा और दिल्ली में भी छापेमारी कर रहा है। मुंबई में तीन और गिरफ्तार किए गए हैं (दो अफगान बताए जा रहे हैं)। हालांकि, DRI ने अभी इनके नाम नहीं बताए हैं। संभावना ये भी जताई जा रही है कि, ऐसे और कंटेनर अभी रास्ते में हैं।