देश में 16 जनवरी से कोरोना (Covid-19) के खिलाफ प्रथम चरण का टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है। स्वास्थ्य कर्मियों को सबसे पहले कोविड-19 की वैक्सीन दी जा रही है। इसी बीच कोलकाता (Kolkata) से खबर आ रही है कि एक नर्स को वैक्सीन दिए जाने के बाद अस्पताल में भर्ती करना पड़ा है। अधिकारियों ने कहा है कि 35 वर्षीय नर्स को कल यानी 16 जनवरी को वैक्सीन दी गई थी। वैक्सीन लेने के कुछ ही देर बाद नर्स बेहोश हो गई जिसके बाद उन्हें कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराया गया। नर्स को अस्पताल के CCU में भर्ती कराया गया है।

टीकाकरण अभियान के पहले दिन 15,707 लोगों को वैक्सीन लगाई गई थी। अधिकारियों ने यह भी बताया है कि राज्य के कई हिस्सों से करीब 13 ऐसी घटनाएं सामने आई हैं जिनमें वैक्सीन लेने के बाद प्रतिक्रिया देखी गई है। इनमें से कोई भी मामला गंभीर नहीं है।

वैक्सीन लेने के कुछ ही देर बाद नर्स कांपने लगी उन्होंने बेचैनी की शिकायत की। इसके कुछ ही देर बाद वह बेहोश हो गई। उनको पास के ही नील रतन सिरकार मेडिकल कॉलेज में ले जाया गया जहां उनको CCU में भर्ती करवाया गया। न्यूज एजेंसी PTI को स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शायद यह एक एलर्जी प्रतिक्रिया है। चिंता की कोई बात नहीं है क्योंकि इस तरह की एलर्जी के मामले कई वैक्सीन में आम हैं। स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि हमें पता चला है कि उन्हें एलर्जी की समस्या  पहले से होती रही है। वह क्रोनिक अस्थमा रोगी भी हैं। अब हम जांच कर रहे हैं कि यह टीकाकरण से संबंधित है या नहीं। अगर जांच में सामने आता है कि यह टीकाकरण की वजह से हुआ है तब भी चिंता करने की कोई बात नहीं है।

नर्स के कई मेडिकल टेस्ट किए गए हैं। अधिकारी ने आगे बताया कि उनका रक्तचाप और ऑक्सीजन समान्य है लेकिन वह एक अस्थमा रोगी हैं इसलिए उनको ऑक्सीजन सहायता पर रखा गया है। विशेष डॉक्टर्स उनके पास जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी वैक्सीन विशेषज्ञ से राय ले रहे हैं।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।