महाराष्ट्र (Maharashtra) में आज यानी मंगलवार को 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस (Covid-19) के 14,123 नए मामले सामने आए। राज्य स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी बुलेटिन के मुताबिक, इस दौरान संक्रमण से 477 मरीजों की मौत हो गई, जिससे मरने वालों की संख्या 96,198 हो गई। राज्य में कुल मामलों की संख्या 57,61,015 पर पहुंच गई है।

यह लगातार तीसरा दिन है जब महाराष्ट्र में दैनिक मामलों की संख्या 20,000 से नीचे रही। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सोमवार को राज्य में लॉकडाउन जैसे प्रतिबंधों को 15 जून तक बढ़ाने की घोषणा की थी। साथ में कहा था कि कोविड -19 पॉजिटिविटी रेट और ऑक्सीजन बेड की उपलब्धता के आधार पर कई छूट दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमण के रोजाना आने वाले मामलों में कमी आई है, लेकिन अब भी यह पिछले साल सामने आए सबसे अधिक मामलों के करीब है। इस बीच महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां 15 घंटे की एक बच्ची कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई है, जबकि मां के संक्रमित ना होने की पुष्टि हुई है।

चिकित्सकीय अधिकारी ने बताया कि दर्शेठ गांव की रहने वाली महिला ने रविवार को पालघर के एक निजी नर्सिंग होम में बच्ची को जन्म दिया था। अधिकारी ने दावा किया कि पालघर जिले में नवजात के कोरोना वायरस से संक्रमित होने का यह पहला मामला है। उन्होंने बताया कि बच्ची को जवाहर तालुका के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें.