Mann Ki Baat: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को सुबह 11 बजे अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। पीएम मोदी के कार्यक्रम का यह 78वां एपिसोड है।

मन की बात हर महीने के अंतिम रविवार को प्रसारित किया जाता है। मन की बात कार्यक्रम का आकाशवाणी, दूरदर्शन समाचार, प्रधानमंत्री कार्यालय और सूचना तथा प्रसारण मंत्रालय के यू-ट्यूब चैनलों पर भी सीधे प्रसारण के माध्यम से देखा और सुना जा सकेगा। हिंदी प्रसारण के तुरंत बाद आकाशवाणी से इसे क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को क्षेत्रीय भाषाओं में रात आठ बजे फिर से सुना जा सकता है। 

पीएम मोदी ने मिल्खा सिंह को किया याद

मन की बात कार्यक्रम के जरिए पीएम मोदी ने टोक्यो ओलिंपिक्‍स के बारे में ज्‍यादा से ज्‍यादा जानने और दूसरों को बताने की अपील की। पीएम मोदी ने मशहूर धावक मिल्‍खा सिंह को भी याद किया। मोदी ने बताया कि मैंने कहा था कि आपने तो 1964 में टोक्यो ओलिंपिक्‍स में भारत का प्रतिनिधित्व किया था, इसलिए इस बार, जब हमारे खिलाड़ी ओलिंपिक्‍स के लिए तोक्‍यो जा रहे हैं, तो आपको हमारे एथलीट्स का मनोबल बढ़ाना है।

उन्हें अपने संदेश से प्रेरित करना है। वो खेल को लेकर इतना समर्पित और भावुक थे कि बीमारी में भी उन्होंने तुरंत ही इसके लिए हामी भर दी लेकिन, दुर्भाग्य से नियति को कुछ और मंजूर था। पीएम मोदी ने टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के बारे में कहा कि टोक्यो जा रहे हर खिलाड़ी का अपना संघर्ष रहा है, बरसों की मेहनत रही है। वो सिर्फ़  अपने लिए ही नहीं जा रहें बल्कि देश के लिए जा रहे हैं।  

कोरोना वैक्सीनेशन पर पीएम मोदी ने कही यह बात

पीएम मोदी ने कहा कि मेरे प्यारे देशवासियो, कोरोना के खिलाफ़ हम देशवासियों की लड़ाई जारी है, लेकिन इस लड़ाई में हम सब साथ मिलकर कई असाधारण मुकाम भी हासिल कर रहे हैं। अभी कुछ दिन पहले ही हमारे देश ने एक अभूतपूर्व काम किया है। इतनी बड़ी संख्या में भारत सरकार की तरफ से मुफ़्त vaccination और वो भी एक दिन में स्वाभाविक है, इसकी चर्चा भी खूब हुई है। 

पीएम मोदी ने कहा कि 21 जून को vaccine अभियान के अगले चरण की शुरुआत हुई और उसी दिन देश ने 86 लाख से ज्यादा लोगों को मुफ़्त vaccine लगाने का record एक दिन में बना दिया। यह नए भारत की ताकत है। वैक्सीन लगवाने के बारे में पीएम मोदी ने कहा कि साथियो, vaccine की safety देश के हर नागरिक को मिले, हमें लगातार प्रयास करते रहना है। कई जगहों पर vaccine hesitancy को खत्म करने के लिए कई संगठन, civil society के लोग आगे आये हैं और सब मिलकर के बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।  

एक साल पहले सबके समाने सवाल था कि वैक्सीन कब आएगी? आज हम एक दिन में लाखों लोगों को मेड इन इंडिया वैक्सीन मुफ्त में लगा रहे हैं। यही तो नए भारत की नई ताकत है। पीएम मोदी ने कहा कि कभी-ना-कभी ये दुनिया के लिए केस स्टडी का विषय बनेगा कि भारत के गांव के लोगों, हमारे वनवासी-आदिवासी भाई-बहनों ने इस कोरोना काल में किस तरह अपने सामर्थ्य और सूझबूझ का परिचय दिया। गांव के लोगों ने क्वारंटीन सेंटर बनाए, स्थानीय जरूरतों को देखते हुए कोविड प्रोटोकॉल बनाए हैं।

जल संरक्षण को देश सेवा मानता हूं

हमारे देश में अब मानसून का सीजन भी आ गया है। बादल जब बरसते हैं तो केवल हमारे लिए ही नहीं बरसते बल्कि बादल आने वाली पीढ़ियों के लिए भी बरसते हैं। बारिश का पानी जमीन में जाकर इकठ्ठा होता है,जमीन के जलस्तर को भी सुधारता है इसलिए मैं जल सरंक्षण को देश सेवा का एक ही रूप मानता हूं।

1 जुलाई को डॉक्टर्स डे

पीएम मोदी ने कहा कि 1 जुलाई को हम राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाएंगे। ये दिन देश के महान चिकित्सक और स्टेट्समैन डॉक्टर बीसी राय की जन्म-जयंती को समर्पित है। कोरोना-काल में डॉक्टरों के योगदान के हम सब आभारी हैं। हमारे डॉक्टर्स ने अपनी जान की परवाह न करते हुए हमारी सेवा की है।

पीएम मोदी ने शनिवार को मन की बात का एक पुराना एपिसोड शेयर किया है। इसमें ड्रग एब्यूज और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर ड्रग्स के खतरे को दूर करने की जानकारी शामिल थी। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, आइए हम ड्रग्स मुक्त भारत की कल्पना को साकार करने और सही जानकारी शेयर करने की प्रतिबद्धता दोहराएं। याद रखें, नशा न अच्छी चीज है और न ही कोई स्टाइल स्टेटमेंट।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।