किसानों ने 26 जनवरी के दिन ट्रैक्टर मार्च निकालने की तैयारी शुरू कर दी है। किसान संगठन के नेताओं ने कहा है कि किसान हजारों ट्रैक्टरों के साथ राजधानी दिल्ली (Delhi) में प्रवेश करेंगे। किसान नेताओं ने कहा है कि वह करीब 50 किमी की दूरी तय करेंगे और अपनी परेड को दिल्ली के आउटर रिंग रोड से निकलेंगे। न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार स्वराज इंडिया के नेता योगेंद्र यादव (Yogendra Yadav) ने कहा है कि 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस के दिन शांति पूर्ण तरीके से परेड करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के पंजाब से हजारों ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए दिल्ली आ रहे हैं। लुधियाना (Ludhiana) से ट्रैक्टर दिल्ली के लिए निकल चुके हैं।
न्यूज एजेंसी से एक किसान ने बात करते हुए कहा कि हम अपने ट्रैक्टरों के साथ दिल्ली आ रहे हैं और 24 जनवरी तक हमारे ट्रैक्टर दिल्ली आते रहेंगे। करीब 11 हजार ट्रैक्टर लुधियाना से ही दिल्ली के लिए आ रहे हैं। हमारा अनुमान है कि 1 लाख के आस-पास ट्रैक्टर लुधियाना, अमृतसर, फरीदकोट और बठिंडा से गणतंत्र दिवस ट्रैक्टर परेड में भाग लेने दिल्ली आ रहे हैं।
किसानों ने कहा था कि वह 26 जनवरी के मौके पर दिल्ली में ट्रैक्टर मार्च करेंगे। उसके बाद किसानों ने कहा था कि उनका ट्रैक्टर मार्च लाल किले पर नहीं जाएगा औऱ वह दिल्ली की सीमाओं पर ही अपना ट्रैक्टर मार्च निकालेंगे। इसी बीच केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने ट्रैक्टर मार्च के खिलाफ दिल्ली पुलिस के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है।
सुप्रीम कोर्ट सोमवार को किसानों के ट्रैक्टर मार्च पर सुनवाई करेगी। यह सुनवाई उस सुनवाई से अलग होगी जिसमें सुप्रीम कोर्ट किसानों के विरोध प्रदर्शन के संबंध में सुनवाई करेगी।
शनिवार को किसानों ने आरोप लगाया था कि उनका समर्थन कर रहे लोगों को राष्ट्रीय जांच एजेंसी द्वारा नोटिस दिया जा रहा है। किसानों का कहना है कि यह सरकार और किसानों की बातचीत में बाधा बन सकता है। 19 जनवरी को किसानों और केंद्र सरकार के बीच 10वीं बैठक होनी है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
