भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने मौद्रिक नीति का ऐलान कर दिया है। इसमें ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और रेपो रेट (Repo rate) को पहले की तरह 4% ही रखा गया है। वहीं, रिवर्स रेपो रेट को भी 3.35% पर ही रखा गया है। साथ ही MSF और बैंक रेट में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह पहले की तरह ही 4.25% है। RBI ने वित्त वर्ष 2021-22 के लिए GDP ग्रोथ रेट 10.5% रहने का अनुमान जताया है। जबकि, आर्थिक सर्वे में इसे 11% रहने का अनुमान जताया गया था। वहीं इस वित्त वर्ष GDP में 7.7% गिरावट का अनुमान जताया गया है।

RBI के गवर्नर शक्तिकांत दास ने मौद्रिक नीति की घोषणा करते हुए कहा कि मुद्रास्फीति (Inflation) यानी महंगाई में कमी आई है और यह अब 6% के टॉलरेंस लेवल से नीचे आई है। उन्होंने कहा कि समय की मांग अभी ग्रोथ को सपोर्ट करने की है। उन्होंने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में कैपिसिटी यूटिलाइजेशन सुधरा है और यह इस वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 63.3% रहा जो Q1 में केवल 47.3% था। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था में रिकवरी और तेज हुई है। RBI ने कहा कि दिसंबर महीने में रिटेल महंगाई गिरकर 4.59 फीसदी रही और यह आरबीआई के 2-6 फीसदी की लिमिट के दायरे में आ गई है। 

रिटेल इंवेस्टर्स को गवर्मेंट बॉन्ड मार्केट में एंट्री

RBI गवर्नर ने कहा कि रिटेल इंवेस्टर अब RBI के साथ Gilt Accounts ओपन कर सकेंगे और रिटेल इंवेस्टर्स को भी प्राइमरी और सेकेंडरी गवर्मेंट बॉन्ड मार्केट को एक्सेस कर सकते हैं। शक्तिकांत दास ने कहा कि टारगेटेड लॉन्ग टर्म रेपो ऑपरेशंस (TLTRO) के जरिये बैंकों का फंड अब NBFCs के लिए उपलब्ध है। वहीं, क्रेडिट रिजर्व रेशियो (CRR) को दो फेज में रीस्टोर किया जाएगा। इसे 27 मार्च तक 3.5% और 22 मई तक 4% किया जाएगा। वहीं, CPI के प्रोजेक्शन को रिवाइज करके 5-5.2% किया गया है तो पहले 4.6% से 5.2% रहने का अनुमान था।

पिछली 3 बैठकों में इंटरेस्ट रेट में बदलाव नहीं


RBIकी मॉनेटरी पॉलिसी कमिटी ने पिछली 3 बार के बैठकों में प्रमुख नीतिगत दरों में कोई बदलाव नहीं किया था. मौजूदा समय में रेपो रेट 4 फीसदी है जो 15 साल का लो है। वहीं, इस समय रिवर्स रेपो रेट 3.35 फीसदी है। इस दर पर बैंक अपने पास जमा धनराशि रिजर्व बैंक के पास जमा कराते हैं।

शेयर बाजार में रिकॉर्ड तेजी

RBI द्वारा मॉनेटरी पॉलिसी की घोषणा से पहले शेयर बाजार में रिकॉर्ड तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स ने ऊंचाई का नया रिकॉर्ड बना दिया है। सेंसेक्स जहां पहली बार 51000 के पार निकल गया, वहीं निफ्टी ने भी 15000 का बैरियर तोड़ दिया। सेंसेक्स 51,031.39 अंकों पर खुला और 51,073.27 अंकों की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 14,952.60 अंकों पर खुली और 15,016.65 अंकों के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गई। हालांकि, इसके बाद दोनों इंडेक्स की तेजी में थोड़ी कमी आई।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।