सिंगापुर के लिए भारतीय मंगलवार से दोबारा एयर ट्रैवल कर सकेंगे। महामारी के कारण सिंगापुर की ओर से भारत सहित छह दक्षिण एशियाई देशों के यात्रियों पर ट्रैवल के लिए लगाई गई पाबंदी हटा ली गई है। पाबंदी वाली लिस्ट से हटाए गए गए देशों में बांग्लादेश, म्यांमार, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका हैं।
इस बारे में सिंगापुर की हेल्थ मिनिस्ट्री की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है, "इन देशों में कोरोना की स्थिति की हमने समीक्षा की है और सिंगापुर आने से पहले दो सप्ताह में इन देशों की यात्रा करने वालों को सिंगापुर में प्रवेश की 26 अक्टूबर से अनुमति होगी।"
हालांकि, इन यात्रियों को कैटेगरी IV बॉर्डर उपायों का पालन करना होगा। इन्हें सिंगापुर पहुंचने पर PCR टेस्ट कराने की जरूरत नहीं होगी।
कैटेगरी IV में आने वाले देशों के यात्रियों को निर्धारित स्टे-होम नोटिस (SHN) सेंटर्स पर 10 दिन के SHN को पूरा करना होगा।
भारत से शेड्यूल्ड इंटरनेशनल पैसेंजर फ्लाइट्स पिछले वर्ष से बंद हैं। भारत का इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए 25 से अधिक देशों के साथ एयर बबल एग्रीमेंट है।
हाल ही में ब्रिटेन ने भी भारत से आने वाले यात्रियों के लिए पाबंदियों को हटा लिया था।