चीन (China) की एक अदालत ने हुवावै से जुड़े एक मामले में जासूसी के आरोपों पर कनाडाई नागरिक माइकल स्पैवर (Michael Spavor) को 11 साल की जेल की सजा सुनाई है। चीन की इस कार्रवाई पर कनाडा सरकार ने विरोध दर्ज कराया है। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो (Justin Trudeau) ने माइकल स्पैवर को सुनाए गए 11 साल की जेल की सजा को अस्वीकार्य और अन्यायपूर्ण करार देते हुए निंदा की है।
कनाडा सरकार द्वारा चीन की प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनी के एक कार्यकारी अधिकारी को गिरफ्तार करने के बाद 2018 में स्पैवर को हिरासत में लिया गया। बुधवार को आया यह फैसला इस बात का ताजा संकेत है कि चीन कनाडा पर कैसे दबाव बढ़ा रहा है, जहां एक अदालत में यह फैसला आना है कि कार्यकारी अधिकारी मेंग वानझोउ को अमेरिका में आपराधिक आरोपों का सामना करने के लिए उन्हें सौंपा जाए या नहीं।
स्पैवर और एक अन्य कनाडाई नागरिक को चीन में हिरासत में लिया गया, जिसे आलोचकों ने बंधक बनाने की राजनीति करार दिया। यह कार्रवाई ईरान पर व्यापार प्रतिबंधों के संभावित उल्लंघनों के संबंध में 2018 में चीन के कार्यकारी अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद की गई।
ट्रूडो ने अपने बयान में कहा कि स्पैवर के साथ-साथ माइकल कोवरिग के लिए भी जिन्हें मनमाने ढंग से हिरासत में लिया गया है, हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता उनकी तत्काल रिहाई सुनिश्चित करना है। हम उन्हें जल्द से जल्द घर लाने के लिए 24 घंटे काम करना जारी रखेंगे। ट्रूडो ने स्पैवर के परिजनों को मुश्किल समय में सरकार से हर तरह की मदद का वादा किया।
चीन की एक अन्य अदालत ने मंगलवार को एक तीसरे कनाडाई नागरिक की अपील भी खारिज कर दी, जिसकी मादक पदार्थ के एक मामले जेल की सजा को कार्यकारी अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद मौत होने तक उम्रकैद में बदल दिया गया। बीजिंग से 340 किलोमीटर पूर्व में दांडोंग शहर में सुनवाई के दौरान कनाडाई राजदूत डोमिनिक बार्टन अदालत में मौजूद थे।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
