Diabetes: डायबिटीज के मरीजों के लिए वरदान हैं ये 9 चीजें, जानिए कैसे करें सेवन

Diabetes: डायबिटीज में खानपान पर कंट्रोल बेहद जरूरी होता है, जरा सी लापरवाही से ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है। इसलिए जरूरी है सही चीजें चुनना। यहां हम आपको 9 ऐसे फूड्स बता रहे हैं जो डायबिटीज पेशेंट्स के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं और रोजाना डाइट में इन्हें शामिल कर ब्लड शुगर कंट्रोल रख सकते हैं

अपडेटेड Jun 16, 2025 पर 1:35 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Diabetes: करी पत्ते कार्ब्स को अच्छे से पचाने में मदद करते हैं और इंसुलिन एक्टिविटी को सुधारते हैं।

आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी, अनियमित खानपान और तनाव भरे माहौल के कारण डायबिटीज तेजी से बढ़ती जा रही है। शुगर लेवल कंट्रोल में रखने के लिए लोग दवाओं के साथ-साथ अब प्राकृतिक और देसी तरीकों की तरफ लौट रहे हैं। हमारे पारंपरिक भारतीय खाने में कई ऐसे खजाने छुपे हैं जिन्हें आयुर्वेद में भी बेहद असरदार माना गया है। करेला, मेथी, आंवला, हल्दी जैसे फूड्स न सिर्फ स्वाद बढ़ाते हैं बल्कि शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं और ब्लड शुगर को भी काबू में रखते हैं। इन देसी सुपरफूड्स में एंटीऑक्सीडेंट्स, फाइबर और खास पोषक तत्व होते हैं जो इंसुलिन के काम को बेहतर बनाते हैं।

अगर इन्हें सही मात्रा में और सही तरीके से खाया जाए तो दवाओं पर निर्भरता कम हो सकती है। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ असरदार भारतीय फूड्स के बारे में जो डायबिटीज में भी फायदेमंद हैं।

1. मेथी के दाने


मेथी में घुलनशील फाइबर होता है जो कार्ब्स के पचने की रफ्तार को कम करता है। इससे शुगर धीरे-धीरे बढ़ती है। मेथी रातभर भिगोकर खाली पेट खाएं या इसे सब्जियों में डालें।

2. करेला

करेले में पॉलिपेप्टाइड-P नामक तत्व होता है जो प्राकृतिक इंसुलिन की तरह काम करता है। करेला जूस बनाकर खाली पेट पीना डायबिटीज मरीजों के लिए बहुत फायदेमंद है।

3. आंवला

आंवला एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है। ये पैंक्रियाज को मजबूत करता है जिससे इंसुलिन सही मात्रा में बनता है। आंवला जूस में चुटकीभर हल्दी मिलाकर पिएं या इसका चूर्ण गर्म पानी में लें।

4. दालचीनी

दालचीनी शुगर लेवल को कम करने और कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में मदद करती है। इसे हर्बल चाय में डालें या पानी में उबालकर काढ़ा बनाकर पिएं।

5. हल्दी

हल्दी में करक्यूमिन नामक तत्व होता है जो शुगर कंट्रोल करता है और सूजन घटाता है। इसे दूध में डालकर पिएं या सब्जियों में इस्तेमाल करें।

6. साबुत अनाज

ज्वार, बाजरा, रागी, ब्राउन राइस और ओट्स जैसे साबुत अनाज फाइबर से भरपूर होते हैं। इनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है जिससे शुगर धीरे-धीरे बढ़ती है। सफेद चावल की जगह इन्हें खाएं।

7. करी पत्ता

करी पत्ते कार्ब्स को अच्छे से पचाने में मदद करते हैं और इंसुलिन एक्टिविटी को सुधारते हैं। रोज 5–6 करी पत्ते खाली पेट चबा सकते हैं या करी में डाल सकते हैं।

8. सहजन (मोरिंगा)

मोरिंगा में कई बायोएक्टिव तत्व होते हैं जो आंतों में शुगर के अवशोषण को कम करते हैं। इसे पाउडर के रूप में स्मूदी या हर्बल चाय में डालें या पत्ते सूप में डालें।

9. देसी खाना

हमारे पारंपरिक खाने में कई पौष्टिक तत्व होते हैं जो शुगर कंट्रोल में मदद करते हैं। सही डाइट के साथ नियमित एक्सरसाइज और डॉक्टरी सलाह से डायबिटीज को काबू में रखा जा सकता है।

डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।