हमारी रोज की लाइफस्टाइल, खासकर जो हम खाते हैं, उसका सीधा असर हमारे दिल की सेहत पर पड़ता है। बिना सोचे-समझे खाई जाने वाली चीजें धीरे-धीरे दिल को नुकसान पहुंचा सकती हैं – और हमें इसका एहसास भी नहीं होता। हार्ट स्पेशलिस्ट कहते हैं कि सिर्फ दिल ही नहीं, हमारी आंत यानी पेट की सेहत भी बहुत मायने रखती है। अगर आपकी आंत ठीक नहीं है, तो इससे दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना और सही खानपान रखना बहुत जरूरी है, ताकि दिल और शरीर दोनों लंबे समय तक फिट रहें।
आंत के बैक्टीरिया और दिल की बीमारी का रिश्ता
विशेषज्ञों मुताबिक, कुछ बैक्टीरिया हमारे खाने को TMAO नाम के एक कंपाउंड में बदल देते हैं, जो हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसे रोगों से जुड़ा हुआ है। खराब गट हेल्थ शरीर में सूजन बढ़ा सकती है, ब्लड प्रेशर को बिगाड़ सकती है और कोलेस्ट्रॉल के लेवल को गड़बड़ कर सकती है – वो भी बिना किसी साफ लक्षण के।
जानिए दिल और आंत को हेल्दी रखने के 5 आसान उपाय
1. फाइबर से भरपूर खाना खाएं
फल, सब्जियां, साबुत अनाज और दालें अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाते हैं और शरीर में सूजन को कम करते हैं।
2. प्रोसेस्ड फूड से दूरी बनाएं
चिप्स, नमकीन, रेडीमेड स्नैक्स जैसे चीजें आंत के बैलेंस को बिगाड़ सकती हैं और हार्ट डिजीज का खतरा बढ़ा सकती हैं।
3. फरमेंटेड चीजें बनाएं दोस्त
दही, छाछ, केफिर, अचार, किम्ची जैसी चीजों में नेचुरल प्रोबायोटिक्स होते हैं, जो आंत को स्वस्थ बनाते हैं।
4. लाल मांस और अंडों का सीमित सेवन करें
ज्यादा रेड मीट और अंडे खाने से TMAO बढ़ सकता है, जिससे धमनियों में रुकावट और दिल की बीमारियों का खतरा होता है।
5. पानी पिएं और तनाव कम करें
पानी पाचन को दुरुस्त करता है, और अगर आप लगातार तनाव में रहते हैं, तो ये आपकी आंत और दिल दोनों को नुकसान पहुंचा सकता है।
अगर आप दिल की बीमारियों से बचना चाहते हैं, तो केवल एक्सरसाइज और दवाइयों पर निर्भर न रहें। अपने खानपान में छोटे-छोटे बदलाव करके आप अपनी आंत और दिल दोनों को लंबे समय तक स्वस्थ रख सकते हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।