Diabetes: ब्लड शुगर कंट्रोल में मददगार है संतरे का छिलका, फायदे जानकर रह जाएंगे दंग

Diabetes: डायबिटीज को पूरी तरह खत्म करना मुश्किल है, लेकिन बेहतर लाइफस्टाइल और सही खानपान से इसे कंट्रोल किया जा सकता है। बिगड़ी दिनचर्या, तनाव और गलत डाइट से लोग तेजी से डायबिटीज के शिकार हो रहे हैं। ऐसे में संतरा एक उपयोगी फल है, जो ब्लड शुगर कंट्रोल में मदद करता है

अपडेटेड Jun 15, 2025 पर 7:30 AM
Diabetes for Orange: संतरे के छिलके सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माने गए हैं। इसमें विटामिन C कूट-कूट कर भरी होता है।

संतरा ऐसा फल है जिसे बच्चे से लेकर बड़े तक सब बड़े चाव से खाते हैं। गर्मी के मौसम में संतरा न सिर्फ शरीर को हाइड्रेट रखता है बल्कि इसकी मिठास और खट्टापन मूड को भी ताजा कर देता है। पर क्या आप जानते हैं कि जिसे हम खाने के बाद कचरे में फेंक देते हैं, वही संतरे का छिलका हमारी सेहत के लिए अमूल्य खजाना है। खासकर डायबिटीज के मरीजों के लिए संतरे का छिलका किसी जड़ी-बूटी से कम नहीं है। इसमें मौजूद विटामिन C, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट शरीर को कई गंभीर बीमारियों से बचाते हैं। संतरे के छिलके का सही इस्तेमाल न केवल ब्लड शुगर को काबू में रखता है बल्कि इम्यूनिटी को भी बूस्ट करता है।

यही नहीं, त्वचा को निखारने से लेकर कफ की समस्या तक में ये रामबाण माना जाता है। आइए जानते हैं कैसे संतरे का छिलका आपकी सेहत को कई तरीकों से फायदा पहुंचा सकता है।

डायबिटीज को काबू में रखता है पेक्टिन


डॉक्टरों के मुताबिक संतरे के छिलके में पेक्टिन नामक फाइबर मौजूद होता है, जो शरीर में ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करने में मदद करता है। बाराबंकी के जिला अस्पताल में एमडी मेडिसिन डॉक्टर अमित वर्मा बताते हैं कि संतरे के छिलके के नियमित इस्तेमाल से शुगर लेवल को स्थिर रखा जा सकता है। ये कोशिकाओं को इंसुलिन के प्रति संवेदनशील बनाता है जिससे शुगर का स्तर तेजी से नहीं बढ़ता।

हाई ब्लड शुगर से होने वाली समस्याओं से राहत

अगर किसी का ब्लड शुगर लगातार हाई बना रहता है तो उसे अधिक प्यास लगना, मुंह सूखना, थकान महसूस होना और त्वचा में खुजली जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। ऐसी स्थिति में संतरे का छिलका नेचुरल ट्रीटमेंट के रूप में असर दिखा सकता है।

चेहरे की खूबसूरती बढ़ाता है संतरे का छिलका

संतरे के छिलके में मौजूद विटामिन्स चेहरे की रंगत निखारते हैं। ये त्वचा से अतिरिक्त तेल हटाकर पोर्स को साफ करता है और चेहरे पर नेचुरल ग्लो लाता है। कई लोग संतरे के छिलके का पाउडर बनाकर फेसपैक में भी इस्तेमाल करते हैं।

बलगम और कफ की समस्या को भी करे दूर

अगर सीने में बलगम जमा है या जकड़न की समस्या हो तो संतरे के छिलके से बनी हर्बल चाय पीना बेहद लाभकारी माना जाता है। ये कफ को बाहर निकालने में मदद करता है और सांस को खुला रखता है।

दिल को भी रखे फिट

संतरा और उसके छिलके में फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन्स का अच्छा मिश्रण होता है जो हार्ट को हेल्दी रखने में मदद करता है। यह ब्लड शुगर के साथ-साथ कोलेस्ट्रॉल को भी नियंत्रित रखता है जिससे हार्ट अटैक जैसी समस्याओं का खतरा कम हो जाता है।

कैसे करें संतरे के छिलके का इस्तेमाल

आप संतरे के छिलके को सूखाकर पाउडर बना सकते हैं और फेसपैक या चाय में डालकर इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा इसका काढ़ा बनाकर भी पी सकते हैं। ध्यान रहे कि डायबिटीज के मरीज इसे डॉक्टर की सलाह से ही अपनी डाइट में शामिल करें।

डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।