खजूर ये नाम सुनते ही मुंह में मिठास घुल जाती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये स्वादिष्ट मेवा सिर्फ जायके तक सीमित नहीं है? खजूर को स्वास्थ्य का खजाना माना जाता है। ये छोटा-सा फल पोषक तत्वों से भरपूर होता है जो शरीर को न सिर्फ ताकत देता है, बल्कि कई गंभीर बीमारियों से लड़ने की क्षमता भी बढ़ाता है। खजूर में फाइबर, आयरन, पोटैशियम, कैल्शियम, मैग्नीशियम, कॉपर और एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो हृदय, पाचन तंत्र, मांसपेशियों और मस्तिष्क के लिए बेहद फायदेमंद हैं।
खासकर डायबिटीज के मरीजों के लिए खजूर एक सुरक्षित और सेहतमंद विकल्प बन सकता है बस इसका सेवन सीमित मात्रा में किया जाए। इसके अलावा खजूर कमजोर इम्यूनिटी, हाई ब्लड प्रेशर और थकान जैसी समस्याओं में भी राहत देता है। चलिए जानते हैं, खजूर से जुड़े कुछ बेहतरीन फायदे जो इसे बनाते हैं सुपरफूड।
डायबिटीज में कितना फायदेमंद है खजूर?
खजूर का ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) काफी कम होता है, यानी ये ब्लड शुगर को अचानक नहीं बढ़ाता। यही कारण है कि डॉक्टर शुगर के मरीजों को सीमित मात्रा में खजूर खाने की सलाह देते हैं। हाई फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर खजूर ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद करता है और हाइपरटेंशन की समस्या से भी राहत देता है।
सुबह के नाश्ते में 2-3 खजूर खाना डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद माना गया है। इससे शरीर को तुरंत एनर्जी मिलती है और दिनभर स्फूर्ति बनी रहती है। हालांकि जिनका शुगर लेवल अधिक रहता है, उन्हें सावधानी बरतनी चाहिए। आधा कप खजूर में लगभग 95–100 कैलोरीज होती हैं, इसलिए ओवरईटिंग से वजन बढ़ सकता है।
खजूर को ऐसे करें शामिल आहार में
खजूर को आप ड्राई फ्रूट्स के साथ, दूध में मिलाकर या हेल्दी स्नैक के तौर पर खा सकते हैं। ये चीनी का बेहतरीन और हेल्दी विकल्प है, खासतौर पर जब आप मीठा खाने से परहेज़ कर रहे हों। इसे सीमित मात्रा में रोजाना खाना शरीर को ऊर्जा देने के साथ-साथ स्वास्थ्य को भी संतुलित रखता है।
इम्यूनिटी को करता है मजबूत
अगर आपकी इम्यूनिटी कमजोर है तो आप बार-बार बीमार पड़ सकते हैं। खजूर में ऐसे कई पोषक तत्व होते हैं जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं। इसमें पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को संक्रमण और बैक्टीरिया से बचाने में सहायक होते हैं।
झड़ते बालों के लिए भी है कारगर
खजूर में मौजूद आयरन स्कैल्प तक ऑक्सीजन की सप्लाई को बेहतर करता है, जिससे बालों की जड़ों को मजबूती मिलती है। नतीजतन, बालों का झड़ना कम होने लगता है। ये खासतौर पर उन लोगों के लिए लाभकारी है जो बालों की समस्या से जूझ रहे हैं।
खजूर को अपने डेली डाइट में शामिल करना एक आसान और प्राकृतिक तरीका है सेहतमंद रहने का। लेकिन ध्यान रहे कि इसकी मात्रा सीमित हो, खासतौर पर डायबिटीज और वजन बढ़ने की समस्या से जूझ रहे लोग संतुलित सेवन करें।