अगर आपको हर वक्त कमजोरी महसूस होती है, मसूड़ों से खून निकलता है या स्किन पर मामूली चोट से भी खरोंच या नीले निशान जल्दी बन जाते हैं, तो ये संकेत हो सकते हैं कि आपके शरीर में विटामिन-सी की कमी है। दरअसल, विटामिन-सी एक ऐसा जरूरी पोषक तत्व है, जो शरीर में पानी में घुल जाता है और स्टोर नहीं हो पाता। इसलिए इसे हर दिन खाने-पीने की चीजों से पूरा करना बेहद जरूरी होता है। विटामिन-सी ना सिर्फ इम्यूनिटी मजबूत करता है बल्कि स्किन को हेल्दी और ग्लोइंग बनाए रखता है, घाव जल्दी भरने में मदद करता है और शरीर में आयरन के अवशोषण को भी बढ़ाता है।
अच्छी बात यह है कि आप कुछ हेल्दी और स्वादिष्ट ड्रिंक्स को अपनी डाइट में शामिल करके अपनी डेली विटामिन-सी की जरूरत को आसानी से पूरा कर सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही बेहतरीन ड्रिंक्स के बारे में।
संतरा विटामिन-C का सबसे लोकप्रिय सोर्स है। सुबह नाश्ते में एक गिलास ताजा जूस पीकर आप अपनी रोज की जरूरत को पूरा कर सकते हैं। इससे इम्यूनिटी मजबूत होती है और स्किन भी दमकती है। कोशिश करें कि पैक्ड जूस की बजाय घर पर ही फ्रेश जूस बनाएं, ताकि प्रिजर्वेटिव्स और एक्स्ट्रा शुगर से बचा जा सके।
आंवला विटामिन-सी का खजाना माना जाता है। एक आंवले में संतरे से कई गुना ज्यादा विटामिन-सी होता है। रोजाना इसका जूस पीने से पाचन दुरुस्त रहता है, शरीर के विषैले पदार्थ बाहर निकलते हैं और बालों व त्वचा की सेहत सुधरती है। शहद या नमक मिलाकर इसे सुबह खाली पेट पिएं।
कीवी में भी भरपूर मात्रा में विटामिन-C पाया जाता है। यह दिल और आंखों की सेहत के लिए लाभकारी है और पाचन भी मजबूत करता है। कीवी स्मूदी या जूस को डाइट में शामिल कर आप अपनी इम्युनिटी को बेहतर बना सकते हैं।
नींबू पानी एक सस्ता और असरदार तरीका है विटामिन-C पाने का। यह शरीर को डिटॉक्स करता है, वजन घटाने में मदद करता है और स्किन को भी हेल्दी बनाता है। गुनगुने पानी में नींबू निचोड़कर खाली पेट पीने से ज्यादा फायदा होता है।
टमाटर में विटामिन-C के साथ-साथ लाइकोपीन होता है, जो एक मजबूत एंटीऑक्सीडेंट है। इसका जूस पीने से कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल में रहता है और स्किन एजिंग के लक्षण कम होते हैं। ताजे टमाटर के जूस में थोड़ा नमक और काली मिर्च डालकर पी सकते हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।