हैंड, फुट ऐंड माउथ डिजीज (HFMD) का प्रकोप बढ़ गया है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई जिलों के 10 साल तक के बच्चों में इसके काफी मामले देखने को मिल रहे हैं। यह एक संक्रमण है, जो तेजी से एक से दूसरे में फैलता है। कमजोर इम्युनिटी वाले बच्चे जल्दी इसका शिकार बन जाते हैं। हालांकि, ये बीमारी बड़ों में भी पाई जाती है, लेकिन बच्चों को खतरा अधिक रहता है। यह संक्रमण होने पर बुखार, गले में खराश और हाथ-पैर-मुंह में छाले नजर आते हैं। इनमें दर्द और खुजली भी होती है। इसे ठीक होने में 7 से 10 दिन का समय लग सकता है। संक्रमण का पता चलने पर बच्चे को स्कूल नहीं भेजना चाहिए और उनकी साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
एचएफएमडी संक्रमण फैलने का कारण
एचएफएमडी संक्रमण एंटरोवायरस की वजह से होता है। ये वायरस बहुत ही संक्रामक होते हैं और एक व्यक्ति से दूसरे में तेजी से फैलते हैं। सिग्नस लक्ष्मी हॉस्पिटल के डॉ संजय सिंह ने दैनिक जागरण को बताया कि एंटरोवायरस में भी एंटरोवायरस 71 (ईवी71) और कॉक्ससैकीवायरस ए-16 इसकी मुख्य वजह होते हैं। एचएफएमडी के लक्षण लगभग तीन से सात दिन में दिखाई देते हैं। इस दौरान, संक्रमित बच्चे में कोई लक्षण न होने के बावजूद वह वायरस को फैला सकता है।
पहचानें एचएफएमडी के लक्षण
बुखार : यह संक्रमण आमतौर पर तेज बुखार से संक्रमण शुरू होता है।
गला सूखना : संक्रमण होने पर बच्चों में गला सूखने या मुंह में परेशानी हो सकती है।
मुंह के छाले : इस संक्रमण में मुंह के अंदर जीभ, मसूड़ों और गालों में छाले हो सकते हैं, जिनमें दर्द होता है।
रैशेज : हथेलियों, तलवे या कभी-कभी बटक्स पर छोटे लाल चकत्ते हो सकते हैं।
भूख नहीं लगना : संक्रमित बच्चे मुंह में छालों में दर्द की वजह से खाने-पीने से मना कर सकते हैं।
संक्रमित बच्चे के लार, सांस या मल के सीधे संपर्क में आने पर यह बीमारी फैल सकती है। यह वायरस सतहों और चीजों पर जिंदा रह सकता है। कोई व्यक्ति इन्हें छूने के बाद अपने मुंह या चेहरे पर हाथ लगाता है, तो यह बीमारी फैल सकती है।
हैंड, फुट एंड माउथ से बचाव
एचएफएमडी के संक्रमण से बचने के लिए, साफ-सफाई पर ध्यान देना चाहिए। बाहर से आने के बाद या खाना खाने के पहले और बाद में बच्चे के हाथ धुलवाएं, संक्रमित लोगों के नजदीकी संपर्क से बचना। ज्यादा लोगों के इस्तेमाल वाली सतहों से बच्चे को दूर रखना शामिल है। समय से डॉक्टर की सलाह लेने से एचएफएमडी को फैलने से रोका जा सकता है।