Juices for Summers: भीषण गर्मी में ये जूस शरीर को रखेंगे कूल-कूल, नहीं लगेगी लू, दिन भर रहेंगे हाइड्रेट, एनर्जी रहेगी भरपूर

Juices for Summers: गर्मी का मौसम आते ही शरीर में पानी की कमी और डिहाइड्रेशन की समस्या बढ़ जाती है। चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी की वजह से थकान, सुस्ती और चिड़चिड़ापन महसूस होना आम बात है। लिहाजा इससे निपटने के लिए हम कुछ ऐसे जूस बता रहे हैं। जिसके सेवन से पूरा शरीर दिनभर एनर्जी से भरा रहेगा। शरीर में पानी की कमी नहीं आएगी

अपडेटेड Mar 31, 2025 पर 1:48 PM
Juices for Summers: तरबूज, नारियल पानी और खीरे का जूस गर्मियों में फायदेमंद है। इससे पूरा दिन हाइड्रेट रहेंगे।

गर्मी का मौसम शुरू होते ही अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने लगती है। गर्मी में अक्सर शरीर में पानी की कमी हो जाती है। इससे निपटने के लिए पानी पीने के साथ ही रसीले फलों का सेवन भी करना चाहिए। गर्मी के दिनों में आम तौर पर लोगों को पाचन और डिहाइड्रेशन की समस्या से जूझना पड़ता है, लेकिन रस भरे फलों का जूस सेहत के लिए फायदेमंद होता है। इसके साथ ही यह आपके शरीर में पानी की कमी को भी पूरा करेंगे। इन सभी फलों में विटामिन्स और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाया जाता है। इसके लिए तरबूज, नारियल पानी और खीरे का जूस पी सकते हैं।

चिलचिलाती धूप, उमस भरी गर्मी के कारण काफी लोगों में सुस्ती, आलस, थकान, सिरदर्द, चिड़चिड़ापन जैसी समस्याएं देखने को मिलती हैं। ऐसे में गर्मी के दिनों में शरीर को जितना हो सके हाइड्रेटेड रखें। हालांकि, कुछ लोग सिर्फ पानी पीते हैं। यह पर्याप्त नहीं है। इसके साथ आप कुछ दूसरे हेल्दी जूस का भी सेवन कर सकते हैं।

गर्मी में ये जूस शरीर को रखेंगे तरोताजा


तरबूज का जूस

तरबूज में पानी की मात्रा काफी अधिक होती है। इसमें 92 फीसदी पानी होता है, जो इसे गर्मी में सबसे बेहतरीन हाइड्रेटिंग फल बनाता है। इसमें मौजूद इलेक्ट्रोलाइट्स और एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को न सिर्फ डिटॉक्सिफाई करते हैं, बल्कि हाइड्रेशन लेवल को भी बनाए रखते हैं। इसके सेवन से शरीर में पानी की कमी दूर होती है। पाचन तंत्र दुरुस्त रहता है। एसिडिटी में राहत मिलती है। चेहरे में निखार आता है। तरबूज को काटकर बीज निकाल लें। इसे मिक्सर में डालें। थोड़ा सा नींबू का रस और पुदीने की पत्तियां मिलाकर ब्लेंड करें। चाहें तो इसमें काला नमक और थोड़ा सा शहद भी मिला सकते हैं। इस टेस्टी ड्रिंक का सेवन करें।

नारियल पानी

गर्मी में नारियल पानी सबसे नेचुरल और हेल्दी ड्रिंक में से एक है। यह इलेक्ट्रोलाइट्स, मिनरल्स और विटामिन्स से भरपूर होता है। जब इसे नींबू के रस के साथ मिलाकर पिया जाता है, तो यह एक बेहतरीन एनर्जी बूस्टर ड्रिंक बन जाता है। यह शरीर में इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखता है। ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करता है। लू और हीटस्ट्रोक से बचाने में मदद करता है। नारियल पानी में नींबू और काला नमक मिलाकर पी सकते हैं।

ककड़ी-नींबू का जूस

खट्टे नींबू के रस के साथ मिश्रित ककड़ी का रस तरोताजगी से भर देता है। खीरा अपनी ठंडक वाले गुणों से भरपूर होता है। यह शरीर को ताजगी देता है। प्यास बुझाने में मदद करता है और इसके अलावा गर्मियों में सन टैनिंग की समस्या से भी बचाता है।

खीरे का जूस

खीरे में 96 फीसदी तक पानी रहता है। इसे खाकर भी पानी की कमी से बचा जा सकता है। खीरा शरीर को डिटॉक्स करता है। खीरा शरीर में ताजगी बनाए रखता है। डिहाइड्रेशन से बचाता है। वजन घटाने में मदद करता है। खीरे को छीलकर टुकड़ों में काट लें। उसमें पुदीने की पत्तियां, नींबू का रस, काला नमक डालकर ब्लेंड करें। इसे छानकर ठंडा करके पिएं। ये तीनों ही जूस हेल्दी हैं, जिसे आप पीकर गर्मियों में हाइड्रेटेड और कूल-कूल बने रहेंगे।

डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।

Diabetes: फालसा में छिपा है सेहत का खजाना, Blood Sugar रहेगा डाउन, मिलेंगे ढेर सारे फायदे

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।