मानसून का देशभर में दमदार आगाज हुआ है। हालांकि, अब बरसात कई राज्यों के लिए आफत बन गई है। क्योंकि उत्तर प्रदेश से लेकर असम, गुजरात और बिहार तक बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। ऐसे में मौसम बदलते ही कई तरह की बीमारियां का भी आगाज हो गया। बरसात अपने साथ डेंगु जैसी कई घातक बीमारियां लेकर आती है। लगातार बारिश के कारण घरों और आसपास के इलाकों में पानी भरने से डेंगू का खतरा बढ़ जाता है, जो खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए काफी ज्यादा खतरनाक हो सकता है।
इसी पर Local 18 से बात करते हुए सिविल सर्जन डॉक्टर साहिर पाल ने कई अहम जानकारियां साझा की हैं। उन्होंने बताया कि डेंगू मच्छर, जिसे एडीज एजिप्टी (Aedes Aegypti) कहते हैं, वो साफ पानी में पनपता है। ये मच्छर दिन के समय ज्यादा सक्रिय होता है और लोगों को संक्रमित करता है। डेंगू बुखार (Dengue Fever) गंभीर हो सकता है और इसके लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, थकान और त्वचा पर लाल चकत्ते पड़ना शामिल हैं।
डॉक्टर पाल ने सलाह दी है कि किसी भी वस्तु या जगह पर पानी जमने न दें। गमलों, टायर, खुले बर्तनों और दूसरी जगहों पर जमा पानी को नियमित रूप से साफ करें। इसके साथ ही, घरों के आसपास की नालियों को साफ रखें और कूलरों को समय-समय पर सुखाएं। जिन कंटेनरों में पानी रखना जरूरी हो, उन्हें ढककर रखें ताकि मच्छर उनमें अंडे न दे सकें।
इसके अलावा, डॉक्टर पाल ने ये भी सुझाव दिया कि लोगों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने चाहिए और मच्छरदानी का इस्तेमाल करना चाहिए। मच्छर भगाने वाले स्प्रे और क्रीम का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। सामुदायिक स्तर पर जागरूकता फैलाने और नियमित सफाई अभियानों को बढ़ावा देने की जरूरत है, ताकि डेंगू के मच्छरों को पनपने से रोका जा सके।