आजकल बालों की लंबाई, घनापन और चमक बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है। खराब लाइफस्टाइल, तनाव, असंतुलित खानपान, प्रदूषण और केमिकल युक्त हेयर प्रोडक्ट्स के कारण बालों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। ऐसे में अगर आप नेचुरल और सुरक्षित उपाय की तलाश में हैं, तो मोरिंगा जिसे सहजन भी कहते हैं। एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। आयुर्वेद में वर्षों से इस्तेमाल हो रहा यह पौधा पोषण से भरपूर होता है और बालों की जड़ों को मजबूती देने के साथ-साथ बालों को झड़ने से भी रोकता है। मोरिंगा में पाए जाने वाले विटामिन्स, मिनरल्स और अमीनो एसिड्स स्कैल्प की सेहत सुधारते हैं और बालों की ग्रोथ को बढ़ावा देते हैं।
अगर इसका सही तरीके से उपयोग किया जाए तो यह बालों को लंबा, घना और मजबूत बनाने में काफी मददगार साबित हो सकता है। आइए जानते हैं मोरिंगा के इस्तेमाल के तरीके और इसके जबरदस्त फायदे।
बालों की सेहत के लिए क्यों फायदेमंद है मोरिंगा?
मोरिंगा एक औषधीय गुणों से भरपूर पेड़ है, जिसकी फली, पत्तियां और फूल सभी पोषक तत्वों का भंडार हैं। इसमें मौजूद विटामिन A, B, C, E, आयरन, जिंक और मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स बालों की जड़ों को मजबूती देते हैं और उनकी ग्रोथ को बढ़ावा देते हैं। मोरिंगा में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटीबैक्टीरियल तत्व स्कैल्प को भी साफ और स्वस्थ रखते हैं।
1. मोरिंगा पाउडर का इस्तेमाल करें
मोरिंगा पाउडर में मौजूद फाइटोकेमिकल्स, आयरन, विटामिन A, C और E बालों की ग्रोथ के लिए फायदेमंद होते हैं। इसका सेवन करने से शरीर को पोषण मिलता है, जिससे बाल भी हेल्दी बनते हैं। आप इसे स्मूदी, रायता या सब्जी में मिलाकर खा सकते हैं। साथ ही बालों पर मास्क बनाकर भी लगा सकते हैं।
2. घर पर बनाएं मोरिंगा ऑयल
बालों को मजबूत बनाने और ग्रोथ बढ़ाने के लिए मोरिंगा ऑयल काफी असरदार माना जाता है। इसे घर पर तैयार करने के लिए 50ml नारियल या बादाम तेल में 1 चम्मच मोरिंगा पाउडर मिलाएं और इसे कांच की बोतल में डालकर 2-3 दिन धूप में रखें। फिर इसमें से तेल छान लें और 5 बूंदें रोजमेरी ऑयल की मिलाकर इस्तेमाल करें। बाल धोने से 2 घंटे पहले यह तेल लगाएं या ड्राई स्कैल्प हो तो रातभर लगाकर रखें।
3. मोरिंगा हेयर मास्क लगाएं
मोरिंगा हेयर मास्क बनाने के लिए 4 चम्मच मोरिंगा पाउडर, 2 चम्मच दही और 1 चम्मच शहद मिलाकर एक स्मूद पेस्ट बनाएं। इसे स्कैल्प और बालों की लंबाई पर लगाएं और 30-40 मिनट बाद माइल्ड शैंपू से धो लें। इसका नियमित इस्तेमाल बालों को मुलायम, मजबूत और घना बनाता है।
मोरिंगा से मिलते हैं ये खास फायदे
जड़ों से पोषण: मोरिंगा में मौजूद जरूरी पोषक तत्व बालों की जड़ों को अंदर से पोषण देते हैं।
बालों का झड़ना कम करे: इसमें मौजूद अमीनो एसिड्स बालों को झड़ने से रोकते हैं और नई ग्रोथ में मदद करते हैं।
स्कैल्प को बनाएं स्वस्थ: इसके एंटीबैक्टीरियल गुण स्कैल्प को संक्रमण से बचाते हैं और सफाई करते हैं।
बालों को बनाएं घना और मजबूत: जिंक और आयरन जैसे मिनरल्स बालों को पतला होने से बचाते हैं और उनकी मोटाई बढ़ाते हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।