Ovarian Cancer: इन 5 लक्षणों को न करें नजरअंदाज, ओवेरियन कैंसर की हो सकती है शुरुआत

ओवेरियन कैंसर महिलाओं की ओवरी में होने वाला एक गंभीर रोग है, जो शरीर के अन्य हिस्सों में भी फैल सकता है। इसका समय पर पता चलना बेहद जरूरी है, ताकि सही इलाज शुरू किया जा सके। इसके लिए जरूरी है कि महिलाएं इसके लक्षणों को पहचानें और सतर्क रहें। आइए इसके संकेत जानें

अपडेटेड May 09, 2025 पर 11:06 AM
Story continues below Advertisement
Ovarian Cancer: ओवेरियन कैंसर महिलाओं में होने वाला एक गंभीर कैंसर है

आज के समय में कैंसर के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं, जिससे ये और भी जरूरी हो गया है कि लोग इसके प्रति जागरूक रहें और समय रहते लक्षणों को पहचानकर इलाज शुरू करें। हालांकि कई प्रकार के कैंसर की पहचान शुरुआती चरण में हो जाती है, जिससे मरीज की जान बचाई जा सकती है, लेकिन कुछ कैंसर ऐसे होते हैं, जिनके लक्षण बहुत देर से सामने आते हैं। ओवेरियन कैंसर भी उन्हीं में से एक है। ये महिलाओं में होने वाला एक गंभीर रोग है, जो डिंबग्रंथियों में शुरू होता है और धीरे-धीरे पूरे पेट के हिस्से में फैल सकता है।

इसके लक्षण इतने सामान्य होते हैं कि महिलाएं अक्सर उन्हें नजरअंदाज कर देती हैं। यही कारण है कि इसे 'साइलेंट किलर' कहा जाता है। अगर इस बीमारी के लक्षणों की जानकारी समय रहते हो जाए, तो इससे बचाव और इलाज दोनों आसान हो सकते हैं।

क्या होता है ओवेरियन कैंसर?


महिलाओं की ओवरी यानी डिंबग्रंथि में जब कोशिकाएं असामान्य रूप से बढ़ने लगती हैं और ये आस-पास के हेल्दी सेल्स को नुकसान पहुंचाने लगती हैं, तो उसे ओवेरियन कैंसर कहा जाता है। ये कैंसर धीरे-धीरे पूरे पेट यानी एब्डोमेन में फैल सकता है और गंभीर रूप ले सकता है। क्योंकि इसके लक्षण देर से सामने आते हैं, इसलिए इलाज में भी देरी हो जाती है।

क्यों कहा जाता है इसे साइलेंट किलर

ओवेरियन कैंसर शुरुआत में कोई स्पष्ट संकेत नहीं देता। जब तक लक्षण सामने आते हैं, तब तक ये कैंसर अक्सर शरीर के अन्य हिस्सों में फैल चुका होता है। इस कारण समय पर इसकी पहचान न हो पाने से इलाज करना भी कठिन हो जाता है। यही वजह है कि इसे साइलेंट किलर कहा जाता है।

ओवेरियन कैंसर के संभावित लक्षण

पेट में लगातार दर्द या भारीपन महसूस होना

बार-बार गैस, डायरिया या कब्ज

लगातार पेशाब आना

पेट का आकार बढ़ना

अनियमित या असामान्य वेजाइनल डिस्चार्ज

भूख न लगना और वजन का घटना

पीठ दर्द और सामान्य थकान

इससे कैसे बचा जा सकता है?

संतुलित आहार लें: डाइट में फल, सब्जियां, साबुत अनाज, दही और मछली जैसे पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल करें।

नियमित एक्सरसाइज करें: हफ्ते में कम से कम 5 दिन, रोज 30 मिनट व्यायाम करने की आदत डालें।

धूम्रपान और शराब से दूर रहें: ये दोनों चीजें कैंसर के जोखिम को बढ़ा सकती हैं।

नियमित मेडिकल चेकअप कराएं: खासकर अगर पारिवारिक इतिहास हो या आप रिस्क जोन में हैं, तो डॉक्टर से समय-समय पर जांच करवाना बेहद जरूरी है।

ओवेरियन कैंसर से बचाव संभव है या नहीं?

इस बीमारी की निश्चित वजहें अभी तक साफ नहीं हैं, लेकिन जीवनशैली में सुधार करके इसके खतरे को कम किया जा सकता है। हालांकि पूरी तरह बचाव संभव नहीं है, लेकिन जागरूकता और सतर्कता से समय रहते इसके संकेत पहचाने जा सकते हैं।

डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।

Uric Acid: डायट में शामिल करें ये हेल्दी चटनी, यूरिक एसिड होगा काबू में, नसें होंगी साफ

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।