आज की तेज रफ्तार लाइफस्टाइल में लोग घंटों ऑफिस में बंद कमरे में काम करते हैं, धूप में निकलना तो जैसे भुला ही गए हो। यही वजह है कि विटामिन D की कमी एक आम समस्या बनती जा रही है। ये जरूरी पोषक तत्व न केवल हमारी हड्डियों को मजबूत बनाता है, बल्कि इम्यून सिस्टम को भी दुरुस्त रखता है और मांसपेशियों के सही संचालन में अहम भूमिका निभाता है। स्मार्टफोन और लैपटॉप की दुनिया में सैर और सूरज की रोशनी से दूरी ने इस विटामिन की कमी को और बढ़ा दिया है।
विटामिन D की अनुपस्थिति से शरीर कई सारी परेशानियां का सामना करना पड़ता हैं। सेहतमंद जीवन के लिए ये जरूरी है कि हम अपनी दिनचर्या में थोड़ी धूप, संतुलित आहार और एक्टिव लाइफस्टाइल को शामिल करें।
क्या आप बिना कोई मेहनत किए भी हर वक्त थकान और कमजोरी महसूस करते हैं? हो सकता है इसकी जड़ें विटामिन D की कमी में छिपी हों। ये विटामिन हमारी बॉडी की बैटरी की तरह है, जो शरीर को एक्टिव बनाए रखने में मदद करता है। इसकी कमी से एनर्जी का स्तर गिरने लगता है और इंसान हर समय सुस्त महसूस करता है।
मांसपेशियों में दर्द और ऐंठन
अगर आपको अक्सर मांसपेशियों में खिंचाव, ऐंठन या हल्का दर्द महसूस होता है, खासकर जांघों और बाजुओं में, तो ये भी विटामिन D की कमी का लक्षण हो सकता है। दरअसल, ये विटामिन शरीर में कैल्शियम और फॉस्फोरस को संतुलित करता है, जो मांसपेशियों के सही संचालन के लिए जरूरी हैं। इसकी कमी से सीढ़ियां चढ़ना या कुर्सी से उठना भी चुनौती बन सकता है।
आपने गौर किया होगा कि कुछ लोग अक्सर सर्दी-खांसी या वायरल की चपेट में आ जाते हैं। दरअसल, विटामिन D हमारी इम्यून सिस्टम का भी मजबूत सिपाही होता है। इसकी कमी से शरीर की रोगों से लड़ने की ताकत कमजोर पड़ जाती है और छोटी-छोटी बीमारियां बार-बार घेर लेती हैं।
हड्डियां क्यों बनने लगती हैं कमजोर?
विटामिन D, कैल्शियम को हड्डियों तक पहुंचाने का काम करता है। जब शरीर में इसकी मात्रा घट जाती है, तो हड्डियों को जरूरी पोषण नहीं मिल पाता और वे धीरे-धीरे कमजोर होने लगती हैं। इससे जोड़ों में दर्द, हड्डियों में फ्रैक्चर या ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं।
बाल झड़ने के पीछे भी हो सकता है विटामिन D
अगर आपके बाल तेजी से झड़ने लगे हैं और कोई कारण समझ नहीं आ रहा, तो एक बार विटामिन D की जांच जरूर करवा लें। ये विटामिन बालों की जड़ों को पोषण देने में मदद करता है। इसकी कमी से बालों का विकास चक्र बाधित हो सकता है, जिससे बाल समय से पहले झड़ने लगते हैं।
विटामिन D की कमी से कैसे बचें?
– रोजाना 15–20 मिनट धूप में बिताएं
– विटामिन D युक्त भोजन जैसे अंडा, मछली, दूध और मशरूम को डाइट में शामिल करें
– डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट लें
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।