जैसे ही बारिश की फुहारें पड़ती हैं, खेतों और बाजारों में एक खास चीज नजर आने लगती है—घोंघा, जिसे स्थानीय लोग डोका और अंग्रेजी में Snail के नाम से जानते हैं। पहली नजर में यह एक आम जलीय जीव जैसा लगे, लेकिन जब बात स्वाद और सेहत की हो, तो यह किसी सुपरफूड से कम नहीं। पारंपरिक तौर पर ग्रामीण इलाकों में इसका सेवन बड़े चाव से किया जाता है और कई लोग इसे स्वाद में मटन से भी बेहतर मानते हैं। दिलचस्प बात ये है कि डॉक्टर भी अब इसके फायदों को लेकर जागरूकता बढ़ा रहे हैं।
यह सिर्फ एक स्वादिष्ट व्यंजन नहीं बल्कि पोषण का खजाना माना जा रहा है, जिसे सही तरीके से पकाकर हर उम्र का व्यक्ति खा सकता है। मॉनसून के इस सीजन में अगर आप कुछ सस्ता, टेस्टी और हेल्दी ट्राय करना चाहते हैं, तो डोका आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन हो सकता है।
सेहत के लिए वरदान है घोंघा
चिकित्सक के मुताबिक, घोंघा में पोटैशियम की मात्रा ज्यादा और सोडियम की मात्रा बेहद कम होती है। ये खास गुण इसे ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने में बेहद प्रभावशाली बनाता है। इसके नियमित सेवन से स्ट्रोक, हृदय रोग और किडनी की समस्याओं का खतरा भी घटता है। सबसे अच्छी बात ये है कि इसमें कोलेस्ट्रॉल की मात्रा भी कम होती है, जिससे ये दिल के लिए एक सुरक्षित प्रोटीन विकल्प बन जाता है।
प्रोटीन, आयरन और जिंक का बेहतरीन स्रोत
घोंघा केवल हाई प्रोटीन फूड ही नहीं है, बल्कि इसमें मौजूद जिंक पुरुषों और महिलाओं दोनों की फर्टिलिटी को बेहतर बनाने में सहायक होता है। साथ ही इसमें आयरन भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जिससे कुपोषण के शिकार बच्चों को भी फायदा मिल सकता है। डॉक्टरों का मानना है कि अगर स्कूली उम्र के बच्चों को सप्ताह में एक-दो बार घोंघा खिलाया जाए तो आयरन की कमी और कमजोरी जैसी समस्याएं दूर हो सकती हैं।
घोंघा दिखने में शेल यानी खोलदार होता है। इसे पकाने से पहले उसके कवर को हटाकर गर्म पानी में कुछ देर उबालना चाहिए। फिर इसे आप मटन की तरह मसाले, नमक और हल्दी डालकर स्वादानुसार पका सकते हैं। इसका स्वाद लाजवाब होता है और इसे मांसाहारी लोग विशेष पसंद करते हैं। बारिश के दिनों में ये खेतों और नमी वाली जगहों पर आसानी से मिलते हैं, जबकि बाजारों में इसकी कीमत ₹200–₹250 प्रति किलो तक होती है।
घोंघा: सस्ता भी, सेहतमंद भी
बाजार में उपलब्ध मांस की तुलना में डोका न सिर्फ सस्ता है, बल्कि कहीं ज्यादा स्वास्थ्यवर्धक और पौष्टिक भी है। जो लोग ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल या कमजोरी से जूझ रहे हैं, उनके लिए ये एक आदर्श विकल्प हो सकता है।
अगर आप भी इस मॉनसून कुछ हेल्दी और नया ट्राय करना चाहते हैं, तो डोका यानी घोंघा को जरूर आजमाएं। स्वाद और सेहत दोनों में भरपूर ये नेचुरल डिश आपके शरीर को अंदर से मजबूत बनाएगी।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।