पेट दर्द को न करें नजरअंदाज, जानिए किस हिस्से का दर्द किस बीमारी का देता है संकेत

Stomach Pain Sign: अगर पेट में लगातार दर्द बना रहता है, तो सबसे पहले यह जानना जरूरी है कि दर्द किस हिस्से में हो रहा है। इससे यह समझने में मदद मिल सकती है कि कहीं किडनी, लीवर या ब्लैडर जैसी किसी अंदरूनी समस्या का संकेत तो नहीं है। पेट दर्द से कई बीमारियों का पता लगाया जा सकता है

अपडेटेड May 15, 2025 पर 10:35 AM
समय पर पहचान और इलाज न होने पर ये समस्याएं गंभीर रूप ले सकती हैं

अक्सर लोग पेट दर्द को सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन ये सोच कई बार भारी पड़ सकती है। पेट में बार-बार होने वाला हल्का दर्द भी शरीर के अंदर छिपी किसी गंभीर बीमारी की ओर इशारा कर सकता है। हमारे पेट के अलग-अलग हिस्से अलग-अलग अंगों से जुड़े होते हैं, इसलिए दर्द की जगह देखकर अनुमान लगाया जा सकता है कि शरीर में किस हिस्से में गड़बड़ी है। कई बार ये दर्द लीवर, पित्ताशय, अपेंडिक्स, पैंक्रियाज, ब्लैडर या कब्ज जैसी समस्याओं का संकेत भी हो सकता है। अगर दर्द बार-बार हो रहा है, या इसके साथ थकान, बुखार या अन्य लक्षण नजर आ रहे हैं, तो इसे हल्के में लेना सही नहीं है।

समय पर पहचान और इलाज न होने पर ये समस्याएं गंभीर रूप ले सकती हैं। इसलिए पेट दर्द को नजरअंदाज करने के बजाय, समझदारी दिखाएं और समय रहते डॉक्टर से सलाह लें।

1. पेट के दाहिनी ऊपरी ओर दर्द


अगर आपको पेट के ऊपर की दाहिनी ओर बार-बार तेज दर्द होता है, तो ये गॉल ब्लैडर की समस्या हो सकती है। अक्सर लोग इसे लीवर की परेशानी समझ लेते हैं, लेकिन ये दर्द लीवर से नहीं, पित्ताशय की गड़बड़ी का संकेत देता है।

2. पेट के बायीं ऊपरी ओर दर्द

अगर चेस्ट के ठीक नीचे, पेट के ऊपरी बाएं हिस्से में दर्द महसूस होता है, तो ये पैनक्रियास की खराबी का संकेत हो सकता है। इस तरह के दर्द को बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें, क्योंकि ये धीरे-धीरे गंभीर रूप ले सकता है।

3. पेट के बीचोबीच दर्द

पेट के मध्य हिस्से में लगातार दर्द बना रहता है तो ये अल्सर की ओर इशारा कर सकता है। खास बात ये कि गैस्ट्राइटिस में ऐसा दर्द नहीं होता, इसलिए डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

4. नाभि के नीचे दर्द

अगर नाभि के ठीक नीचे, प्यूबिक एरिया के पास दर्द हो रहा है, तो ये ब्लैडर की बीमारी का संकेत हो सकता है। इस हिस्से में हो रहा दर्द अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है, लेकिन ये यूरिनरी सिस्टम की गड़बड़ी की चेतावनी हो सकती है।

5. निचले दाहिने हिस्से में दर्द

पेट के निचले दाहिने कोने में तेज और लगातार दर्द हो रहा है तो सतर्क हो जाइए। ये अपेंडिसाइटिस का लक्षण हो सकता है, जिसे इमरजेंसी में इलाज की जरूरत होती है।

6. निचले बाएं हिस्से में दर्द 

अगर पेट के नीचे बाईं ओर दर्द हो रहा है, तो ये कब्ज यानी कॉन्स्टिपेशन का इशारा हो सकता है। ये आम समस्या लगती है लेकिन लंबे समय तक बनी रहने पर शरीर को कमजोर बना सकती है।

डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।