आज की तेज रफ्तार जिंदगी में लोगों की दिनचर्या और खानपान काफी हद तक बिगड़ चुका है। लगातार तनाव, नींद की कमी, जंक फूड का बढ़ता चलन और शारीरिक गतिविधियों की कमी का सीधा असर हमारे दिल की सेहत पर पड़ रहा है। इन्हीं कारणों से हार्ट ब्लॉकेज जैसी गंभीर समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। हार्ट ब्लॉकेज यानी दिल की धमनियों में रुकावट एक ऐसी स्थिति है, जिसमें रक्त प्रवाह बाधित हो जाता है और समय पर इलाज न होने पर ये जानलेवा भी साबित हो सकती है। लेकिन राहत की बात ये है कि शरीर समय रहते कुछ ऐसे लक्षण दिखाता है जो इस खतरे का संकेत देते हैं।
यदि इन संकेतों को समय पर पहचान लिया जाए, तो दिल की बीमारियों से बचा जा सकता है। इस लेख में हम आपको ऐसे ही अहम लक्षणों के बारे में बताएंगे, जिन्हें पहचानकर आप समय रहते सावधानी बरत सकते हैं।
अगर अचानक सीने में भारीपन, दर्द या जलन जैसा महसूस होने लगे, तो इसे मामूली गैस या एसिडिटी समझकर टालना भारी पड़ सकता है। हार्ट ब्लॉकेज की शुरुआती चेतावनी अक्सर सीने में होने वाली बेचैनी से ही मिलती है।
दिल तक पर्याप्त ब्लड नहीं पहुंच पाने की वजह से अक्सर सिर हल्का महसूस होता है या चक्कर आने लगते हैं। ये लक्षण बताते हैं कि नसों में रुकावट आ चुकी है और दिल पूरी ताकत से काम नहीं कर पा रहा है।
अगर थोड़ी सी मेहनत या चलने के बाद ही थकावट और कमजोरी महसूस होती है, तो ये दिल की खराब हालत का साफ संकेत हो सकता है। जब नसों में ब्लॉकेज होता है तो शरीर के अंगों तक ऑक्सीजन ठीक से नहीं पहुंचती, जिससे थकान महसूस होती है।
लेटने पर या थोड़ी देर चलने के बाद ही सांस फूलने लगे तो ये सामान्य नहीं है। ये इस ओर इशारा करता है कि दिल की नसों में कुछ ठीक नहीं चल रहा। ऐसे में बिना देरी के डॉक्टर से संपर्क करें।
हार्ट ब्लॉकेज की वजह से कई बार व्यक्ति को बिना किसी वजह मतली या उल्टी जैसा महसूस होता है। खासतौर पर अगर ये लक्षण सीने में दर्द या थकान के साथ हो रहे हों, तो इन्हें बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।