Benefits of Cutting Sugar : क्या आपने कभी सोचा है कि अगर आप दो हफ्ते तक चीनी खाना छोड़ दें तो क्या होगा? ऐसा करने से आपके शरीर को एक ज़रूरी ब्रेक और रीसेट मिल सकता है। शुगर, हमारे रोजमर्रा के खाने में बहुत सी चीजो में छिपी होती है – जैसे आपकी कॉफी, स्नैक्स और यहां तक कि सॉस में भी। लेकिन जब आप इसे खाना बंद कर देते हैं, तो आपके शरीर में कुछ हैरान करने वाले बदलाव आने लगते हैं। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ़ मेडिसिन में छपे एक अध्ययन के मुताबिक, ज़्यादा चीनी खाने से मानसिक समस्याएं और डिप्रेशन बढ़ सकता है। वहीं, BMJ में प्रकाशित एक रिसर्च बताती है कि चीनी कम करने से वजन घटाने में मदद मिलती है। आइए जानते हैं कि चीनी छोड़ने के बाद अपके शरीर में क्या बदलाव होते हैं
वजन घटाने की कोशिश में चीनी सबसे बड़ी रुकावट बन सकती है। यह शरीर में इंसुलिन बढ़ा देती है, जिससे फैट जमा होने लगता है। साथ ही, चीनी आपको जल्दी थका देती है और बार-बार भूख भी लगती है। अगर आप कुछ हफ्तों के लिए चीनी खाना बंद कर दें, तो शरीर फैट जमा करने के बजाय उसे ऊर्जा में बदलना शुरू कर देता है। जब आपके ब्लड शुगर का स्तर स्थिर रहता है, तो आपको देर तक भूख नहीं लगती और कम खाने से भी पेट भरा हुआ महसूस होता है। इसके साथ ही आपका शरीर बिना चीनी के ज़्यादा असरदार ढंग से काम करने लगता है।
अगर आपने कभी नाश्ते में मीठा खाने के बाद दोपहर में सुस्ती महसूस की है, तो आप जानते हैं कि ब्लड शुगर का उतार-चढ़ाव कितना परेशान कर सकता है। इससे आप थके हुए, चिड़चिड़े और आलसी महसूस करने लगते हैं। लेकिन अच्छी खबर ये है कि जब आप रिफाइंड शुगर खाना छोड़ देते हैं, तो आपकी एनर्जी लेवल स्थिर हो जाती है। दोपहर के समय होने वाली थकान कम हो जाती है और आप दिनभर एक्टिव बने रहते हैं। चीनी के बिना आप खुद को ज़्यादा फोकस्ड, सतर्क और हर टास्क के लिए तैयार पाएंगे।
क्लियर और ग्लोइंग स्किन कौन नहीं चाहता? अक्सर हमारी त्वचा की समस्याओं जैसे मुंहासे और dullness के पीछे चीनी एक बड़ा कारण होती है। अगर आप सिर्फ़ दो हफ़्तों के लिए अपनी डाइट से चीनी हटा दें, तो आपकी त्वचा में बड़ा बदलाव आ सकता है। शरीर जब अतिरिक्त चीनी से मुक्त होने लगता है, तो त्वचा की सूजन कम हो जाती है और वह खुद को रिपेयर करने लगती है। इसका नतीजा? आपकी त्वचा दिखने लगती है ज़्यादा साफ, चमकदार और हेल्दी — जैसे एक नैचुरल ग्लो आ गया हो।
ज्यादा चीनी खाना सिर्फ शरीर को ही नहीं, बल्कि दिमाग को भी प्रभावित करता है। जब आप ज्यादा चीनी लेते हैं, तो शरीर में एड्रेनालाईन और कोर्टिसोल जैसे तनाव बढ़ाने वाले हार्मोन बढ़ सकते हैं, जिससे चिंता और बेचैनी महसूस होती है। लेकिन जैसे ही आप चीनी का सेवन कम करते हैं, आपका मूड स्थिर रहने लगता है। अब आपको दिन भर में बार-बार मूड बदलने या चिड़चिड़ापन महसूस नहीं होगा। धीरे-धीरे, आप खुद को ज़्यादा शांत, संतुलित और तनावमुक्त महसूस करने लगते हैं।