अक्सर लोग विटामिन-D को सिर्फ हड्डियों की मजबूती से जोड़कर देखते हैं, लेकिन ये हमारे पूरे शरीर की सेहत के लिए बेहद जरूरी पोषक तत्व है। ये न सिर्फ हड्डियों को मजबूत बनाता है, बल्कि हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यून सिस्टम को भी ताकत देता है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, बंद कमरों में घंटों काम करना और सूरज की रोशनी से दूरी के कारण बड़ी संख्या में लोग इसकी कमी का शिकार हो रहे हैं। शरीर में जब विटामिन-D की मात्रा घटती है, तो थकावट, कमजोरी, मांसपेशियों में खिंचाव, और बार-बार बीमार पड़ने जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं।
दुर्भाग्य से, लोग इसे सामान्य कमजोरी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन यदि समय रहते इस पर ध्यान दिया जाए और धूप, खानपान या सप्लीमेंट्स के जरिए इसकी पूर्ति की जाए, तो कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है
सूरज की किरणें विटामिन-D का सबसे सस्ता और कारगर स्रोत हैं। मगर सवाल ये उठता है कि क्या धूप में पूरे कपड़े पहनकर बैठना भी उतना ही फायदेमंद है? तो जवाब है – हल्के कपड़े पहनकर बैठना ज्यादा असरदार होता है। आपको 20 से 30 मिनट तक रोजाना हल्के कपड़ों में धूप का सेवन करना चाहिए, ताकि शरीर पर्याप्त विटामिन-D बना सके।
कब और कैसे लें धूप का फुल फायदा?
धूप सेंकने का सही समय सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच माना जाता है। इस समय सूरज की किरणें न तो बहुत तेज होती हैं और न ही स्किन को नुकसान पहुंचाती हैं। धूप में पीठ की ओर से बैठना ज्यादा लाभदायक होता है। दोपहर की झुलसती धूप से बचना चाहिए क्योंकि वो त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती है।
जानिए विटामिन D की कमी के लक्षण
अगर आपके शरीर में विटामिन-D की कमी हो रही है, तो इसके कुछ संकेत आपको पहले ही मिल सकते हैं:
हड्डियों में लगातार दर्द और कमजोरी महसूस होना
जल्दी थक जाना और ऊर्जा की कमी
बालों का जरूरत से ज्यादा झड़ना
छोटी-मोटी बीमारियों का बार-बार होना
चिड़चिड़ापन, तनाव और मूड स्विंग्स
मांसपेशियों में कमजोरी या खिंचाव
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।