Aaj Ka Mausam: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित देश के ज्यादातर राज्यों में पिछले बारिश के बाद अब एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। उत्तर भारत के कई राज्यों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के भी पार पहुंच गया है। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) की मानें तो उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में हीटवेव का कहर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग की मानें तो 20 से 22 मई के बीच इन तीनों राज्यों में हीटवेव का कहर देखने को मिलेगा। IMD ने कहा है कि उत्तर पूर्वी भारत के कई राज्यों में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग भारत के विभिन्न हिस्सों में अगले पांच दिनों तक बारिश की भविष्यवाणी की है। दिल्ली में 24 घंटे के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की उम्मीद है। इसके अलावा IMD ने असम और मेघालय जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में 22 मई तक भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। वहीं, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की भविष्यवाणी की गई है।
आज यानी शुक्रवार को आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु के कई इलाकों में बिजली और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। 21 मई को तेलंगाना और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में बिजली चमकने के साथ गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
इन राज्यों में हीटवेव की चेतावनी
IMD ने 20 से 22 मई तक उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान और मध्य प्रदेश के लिए भीषण लू पड़ने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान राज्यों में तेज धूप के साथ गर्म हवाएं भी चलेंगी। यूपी के प्रमुख शहरों के मौसम की बात करें तो लखनऊ, प्रयागराज, झांसी, मेरठ, आगरा, बरेली, गोरखपुर में सतही हवाएं चलने की आशंका है।
लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। IMD ने बताया है कि अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण पश्चिम मॉनसून के दक्षिण बंगाल की खाड़ी, दक्षिण अंडमान सागर और निकोबार द्वीप समूह में आगे बढ़ने की संभावना है।
हरियाणा और पंजाब में भीषण गर्मी
हरियाणा और पंजाब में बुधवार को मौसम गर्म बना रहा और दोनों राज्यों के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के हिसार में मौसम गर्म रहा और अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 40.7 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 40.5 डिग्री सेल्सियस, पंचकुला में 39.2 डिग्री सेल्सियस और भिवानी में 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर में 41.9 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 40.9 डिग्री सेल्सियस और पठानकोट में 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।