इंडिगो और एयर इंडिया के बाद अब अकासा एयर की फ्लाइट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली। 184 यात्रियों के साथ अकासा एयर की फ्लाइट- QP1335 को कथित तौर पर बम की धमकी मिली। इसके बाद इमरजेंसी घोषित कर दी गई और विमान अब दिल्ली लौट रहा है। कुछ मिनट बाद, मुंबई से दिल्ली जाने वाली IndiGo की एक फ्लाइट को इसी तरह के कारणों से अहमदाबाद की ओर मोड़ना पड़ा। तीन दिनों में यह 12वीं घटना है, जब धमकी भरे मैसेज के कारण फ्लाइट शेड्यूल प्रभावित हुआ है।
Akasa Air का ये विमान बेंगलुरु जा रहा था, हालांकि, एयरलाइन को बम की धमकी मिलने के बाद यह वापस दिल्ली लौट रहा है। सूत्रों ने बताया कि एयरलाइंस को यह धमकी सोशल मीडिया से मिली है।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए, Akasa Air के प्रवक्ता ने कहा, “16 अक्टूबर, 2024 को दिल्ली से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने वाली अकासा एयर की फ्लाइट QP 1335, जिसमें 174 यात्री, 3 शिशु और 7 चालक दल के सदस्य सवार हैं, उसे सिक्योरिटी अलर्ट मिला।
उन्होंने कहा, अकासा एयर इमरजेंसी रिस्पांस टीमें स्थिति पर नजर रख रही हैं और उन्होंने पायलट को पूरी एहतियात के साथ फ्लाइट को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर मोड़ने की सलाह दी है।
उन्होंने आगे कहा, "कैप्टन दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग के लिए सभी जरूरी इमरजेंसी प्रक्रियाओं का पालन कर रहे हैं और फ्लाइट करीब दोपहर 2 बजे के करीब दिल्ली में लैंड करेगी। अकासा एयर स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय में स्थिति की निगरानी करता रहेगा। अकासा एयर की टीमें जमीन पर हैं और सभी यात्रियों की सुरक्षा और आराम सुनिश्चित करने में सहायता करने के लिए तैयार हैं।"
इंडियन एयरलाइंस को मिल रहीं बम की धमकी
बम की अफवाह के कारण पिछले दो दिनों में लगभग 10 भारतीय विमान की सर्विस पर असर पड़ा है। ज्यादातर विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की जयपुर-अयोध्या फ्लाइट को सोशल मीडिया पर बम की धमकी मिली। उड़ान अपने नियमित शेड्यूल के अनुसार अयोध्या एयर पोर्ट पर उतरी, जहां SOP का पालन किया गया।
Akasa Air फ़्लाइट QP 1373 (बागडोगरा से बेंगलुरु) को हवा में सिक्योरिटी अलर्ट मिला। विमान 13:39 बजे बेंगलुरु में सुरक्षित रूप से उतरा, सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया और जरूरी सुरक्षा जांच पूरी कर ली गई। यात्री 16:30 बजे टर्मिनल से बाहर निकले।
नई दिल्ली से शिकागो जा रही एयर इंडिया की इंटरनेशनल फ्लाइट AI-127 को एक धमकी मिली, जिसके कारण उसे कनाडा में इकालुइट अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (CYFB) की ओर मोड़ दिया गया।