Sharad Chandra Murder Case: दिल्ली-NCR के जाने-माने बिल्डर अनिल शर्मा (Anil Sharma) के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने हत्या का मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, CBI ने बिहार स्थित शिक्षण संस्थान बालिका विद्यापीठ के पूर्व सचिव शरद चंद्र कुमार (Sharad Chandra Kumar) की सनसनीखेज हत्या के आठ साल पुराने मामले में आम्रपाली ग्रुप (Amrapali Group ex-MD) के पूर्व चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर अनिल कुमार शर्मा (Anil Kumar Sharma) के खिलाफ बुधवार को मुकदमा दर्ज किया। CBI ने अनिल शर्मा के अलावा 6 अन्य लोगों पर भी मामला दर्ज किया है।
पीटीआई के मुताबिक, केंद्रीय जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई पटना हाई कोर्ट द्वारा पिछले महीने जारी किए गए आदेशों पर की है। CBI ने अपनी प्रक्रियाओं के अनुसार, बिहार के लखीसराय पुलिस द्वारा दर्ज FIR की जांच अपने हाथ में ले ली है।
बैंक धोखाधड़ी के कई आरोपों का सामना कर रहे शर्मा पर हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। उनके साथ लखीसराय के प्रवीण सिन्हा, श्याम सुंदर प्रसाद, राजेंद्र सिंघानिया, शंभु शरण सिंह और बालिका विद्यापीठ की तत्कालीन प्राचार्य अनीता सिंह के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
लखीसराय स्थित बालिका विद्यापीठ के तत्कालीन शरद चंद्र शिक्षण संस्थान में ही रहते थे और उनकी दो अगस्त, 2014 को सुबह लगभग 6:30 बजे अपने आवास के बरामदे में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि संस्था की जमीन और संपत्ति हड़पने के लिए रची गई आपराधिक साजिश के तहत यह हत्या की गई।
केंद्रीय जांच एजेंसी ने आरोप लगाया है कि आम्रपाली ग्रुप के अनिल शर्मा ने राजेंद्र प्रसाद सिंघानिया, डॉ. प्रवीण कुमार सिन्हा, श्याम सुंदर प्रसाद और शंभु शरण सिंह की मदद से बालिका विद्यापीठ की जमीन और संपत्ति हड़प लिया था।
जिस साल यह घटना हुई थी उसी साल हत्या के कुछ घंटों बाद ही एक आरोपी डॉक्टर प्रवीण कुमार सिन्हा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, शर्मा ने पहले अपने खिलाफ लगे आरोप से इनकार किया था और कहा था कि उन्हें "उक्त हत्या के मामले में उनकी प्रतिष्ठा को खराब करने के लिए फंसाया गया है।"