Anantnag Encounter: जम्मू-कश्मीर में बुधवार को हुए मुठभेड़ में शामिल आतंकवादियों के सफाए का अभियान तीसरे दिन भी जारी है। सुरक्षाबलों ने दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के ऊंचे इलाके में लश्कर-ए-तैयबा के तीन-चार आतंकवादियों को घेर लेने का दावा किया है। मंगलवार देर रात सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकियों की तलाश के लिए संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था, जो 48 घंटे बाद भी जारी है। न्यूज 18 के मुताबिक,जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकेरनाग में बुधवार तड़के से चल रही मुठभेड़ में सेना के कम से कम दो और अधिकारी घायल हो गए हैं।
इससे पहले अनंतनाग में बुधवार को सेना के एक कर्नल, एक मेजर और जम्मू-कश्मीर के डीएसपी शहीद हो गए थे। वहीं, भारतीय सेना ने 2 आतंकियों को मार गिराया था। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार तड़के अनंतनाग जिले के कोकेरनाग के गडोले के जंगलों में गोलियों की आवाज सुनी गई। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के सफाए के लिए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भेजा गया है। आतंकवादी संभवत: पहाड़ों में बने एक प्राकृतिक गुफा में छिपे हुए हैं।
अधिकारियों ने कहा कि हेलीकॉप्टरों को गडोले के जंगलों के ऊपर मंडराते देखा गया, क्योंकि सेना और पुलिसकर्मियों ने इलाके के चारों ओर कड़ी घेराबंदी कर रखी है। आतंकियों पर ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है ताकि वे बच न पाएं। आतंकियों की तलाश में आधुनिक हथियारों और डिवाइस का इस्तेमाल किया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, चिनार कोर के जनरल-ऑफिसर-कमांडिंग (GOC) लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई और विक्टर फोर्स के GOC मेजर जनरल बलबीर सिंह वर्तमान में ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। CNN-News18 के मुताबिक, आतंकवादी YSMS तकनीक से लैस हैं, जिसका इस्तेमाल पहले 2016 और 2019 के घातक हमलों में किया गया था।
बुधवार को अनंतनाग जिले के कोकेरनाग इलाके में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में 19 राष्ट्रीय राइफल्स के कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष धोनैक और जम्मू कश्मीर पुलिस के DSP मुहम्मद हुमायूं मुजम्मिल भट शहीद हो गए थे। वहीं, 12 सितंबर को राजौरी में हुई मुठभेड़ में भारतीय सेना का 1 जवान और एक डॉगी केंट की गोली लगने से मौत हो गई थी।
शहीद कर्नल मनप्रीत सिंह सेना मेडल (वीरता) 19 राष्ट्रीय राइफल्स यूनिट (19 RR) के कमांडिंग ऑफिसर थे। जबकि शहीद मेजर आशीष ढोंचक सेना मेडल (वीरता) 19 RR के कंपनी कमांडर थे। जबकि हिमांयुं मुजामिल भट जम्मू-कश्मीर पुलिस में डिप्टी SP (DySP) थे। आतंकवादियों के हताहतों की संख्या के बारे में कोई अपडेट नहीं है।