Get App

'नंबर 1 देश बनने के लिए भगवान राम का मार्ग चुनें', CM केजरीवाल ने अयोध्या मंदिर को बताया गर्व का विषय

Ayodhya Ram Mandir अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा किए जाने के अवसर पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्रिमंडल के कई सदस्यों ने 22 जनवरी को राष्ट्रीय राजधानी में विभिन्न स्थानों पर भंडारे और सुन्दर काण्ड पाठ समेत कई कार्यक्रमों में भाग लिया। राम मंदिर उद्घाटन समारोह को लाखों लोगों ने अपने-अपने घरों और देशभर के मंदिरों में टेलीविजन पर देखा

अपडेटेड Jan 25, 2024 पर 1:11 PM
Story continues below Advertisement
Ayodhya Ram Mandir: केजरीवाल ने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा दुनिया भर में सभी के लिए बेहद गर्व और खुशी का विषय था

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने गुरुवार को अयोध्या में बने नए भव्य राम मंदिर (Ayodhya Ram Mandir) को "अत्यंत गर्व और खुशी" का विषय बताया। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक ने दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा, "22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा दुनिया भर में सभी के लिए बेहद गर्व और खुशी का विषय था।" केजरीवाल ने आगे कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी से अयोध्या तक भक्तों की यात्रा कराने की योजना बना रही है।

केजरीवाल ने कहा, "...जब रामराज्य की बात की जाती है तो कहा जाता है कि पूरे मानव इतिहास में इस तरह का सुख शांति वाला अच्छा शासन कभी नहीं हुआ... हम लोग रामराज्य की अवधारणा से प्रेरणा लेकर अपनी सरकार चलाने का प्रयास कर रहे हैं। रामायण में जिस रामराज्य की परिभाषा और अवधारणा दी गई है उसे हमने 10 बिंदुओं के अंदर संजोया है। इस आधार पर हम अपनी सरकार चलाने की कोशिश कर रहे हैं।"

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, "अभी कुछ दिनों पहले 22 जनवरी को भगवान श्री रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। ये पूरे देश और विश्व के लिए बहुत खुशी, गर्व और बधाई की बात थी।" केजरीवाल ने कहा कि हम दिल्ली से अयोध्या जी तक भक्तों की यात्रा को प्रायोजित करने की पूरी कोशिश करेंगे।


उन्होंने कहा कि एक ओर जहां हमें भगवान राम के प्रति समर्पित होना है, वहीं दूसरी ओर पूरी ईमानदारी के साथ अपने राष्ट्र के कल्याण के लिए भी समर्पित होना है। अगर हम भगवान राम के रास्ते पर चलें तो भारत को दुनिया का नंबर 1 देश बनने से कोई नहीं रोक सकता।

सीएम ने कहा कि हम वरिष्ठ नागरिकों के लिए 12 तीर्थ स्थलों पर निःशुल्क तीर्थ-यात्रा आयोजित करते हैं। अब तक 83,000 लोगों को तीर्थ-यात्रा करायी जा चुकी है। कई लोगों ने अयोध्या जी के दर्शन करने की इच्छा जताई है। हम अधिक से अधिक लोगों को अयोध्या जी ले जाने का प्रयास करेंगे।

बता दें कि अयोध्या में राम मंदिर में श्री रामलला के नवीन विग्रह की 22 जनवरी को प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इससे संबंधित अनुष्ठान में भाग लिया। सुनहरी रंग का कुर्ता, क्रीम रंग की धोती और उत्तरीय पहने प्रधानमंत्री मोदी नवनिर्मित राम मंदिर के मुख्य द्वार से अंदर तक पैदल चलकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे और गर्भगृह में प्रवेश किया।

ये भी पढ़ें- National Voters' Day 2024: 'आपके सपने ही मेरे संकल्प हैं', नए वोटरों से बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री इस दौरान अपने हाथ में लाल रंग के कपड़े में लिपटा हुआ चांदी का छत्र भी लेकर आए। गर्भगृह में मोदी ने पंडितों के मंत्रोच्चारण के बीच अनुष्ठान शुरू किया। उन्होंने प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के लिए संकल्प लिया। अनुष्ठान में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत भी शामिल हुए।

Akhilesh

Akhilesh

First Published: Jan 25, 2024 1:06 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।