Ayodhya Ram Mandir: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) समेत राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों के कई सदस्यों ने रविवार को अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में रामलला के दर्शन किए। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायकों एवं MLC के साथ-साथ कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी (BSP) और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के विधायकों ने भी अयोध्या के राम मंदिर की पूजा अर्चना की। यूपी विधानसभा स्पीकर सतीश महाना, विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह और दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य तथा बृजेश पाठक समेत राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों के कई सदस्य रामलला के दर्शन करने के लिए रविवार की सुबह 9 बजे राजधानी लखनऊ से अयोध्या के लिए रवाना हुए थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराष्ट्र दौरे पर होने के कारण सीधे वहां से अयोध्या पहुंचे थे। सीएम योगी के साथ ही वहां पहुंचे विधानमंडल के सदस्यों ने रामलला के दर्शन किए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों सदनों के सदस्य हनुमानगढ़ी नहीं जाएंगे। प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद ने पत्रकारों को बताया कि राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों के सदस्य विधानसभा अध्यक्ष, विधान परिषद के सभापति समेत सभी मंत्री और विधायक 10 बस से अयोध्या आए हैं।
सपा के नेताओं को छोड़कर ज्यादातर विधायकों ने अयोध्या जाने पर सहमति दी थी। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट रूप से सपा का जिक्र करते हुए पीटीआई से कहा था, "उत्तर प्रदेश विधानमंडल के दोनों सदनों के सदस्य अयोध्या रवाना हो गए हैं। यदि कोई नहीं जा रहा है, तो वह 'समाप्तवादी पार्टी' है।"
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने नवनिर्मित मंदिर में रामलला के दर्शन के लिए दोनों सदनों के सदस्यों को अयोध्या जाने के लिए आमंत्रित किया था। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यह निमंत्रण अस्वीकार कर दिया था।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "अयोध्या में नवनिर्मित मंदिर में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद हमने (सभी विधायकों) भगवान राम के 'दर्शन' करने का फैसला किया था। पूरी दुनिया इस बारे में बात कर रही है।" अयोध्या के लिए विधायकों को ले जाने के लिए बस लोक भवन (मुख्यमंत्री कार्यालय) के सामने खड़ी थीं।
विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह भी परिषद के सदस्यों के साथ बस से रवाना हुए। अध्यक्ष और सभापति के साथ बस में उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा कई नेताओं के अलावा राज्य सरकार के कई मंत्री भी सवार थे।
राष्ट्रीय लोकदल के विधायक दल के नेता राजपाल सिंह बालियान, बहुजन समाज पार्टी के विधायक उमाशंकर सिंह, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के नेता रघुराज प्रताप सिंह, कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा मोना, BJP और उसके सहयोगी दलों के विधायक अयोध्या के लिए रवाना हुए। 'जय श्री राम' के नारों की गूंज के बीच यह यात्रा शुरू हुई थी।
BSP विधायक दल के नेता उमाशंकर सिंह ने 'पीटीआई' से कहा था, ''हम सभी दलों (सपा को छोड़कर) के नेता एक बस में सवार हैं। हम पहले भी अयोध्या जाकर दर्शन पूजन करते रहे हैं, लेकिन यह एक अलग अनुभव होने वाला है।''
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के विधायक रघुराज प्रताप सिंह ने कहा, "यहां हर चेहरे पर खुशी देखिए। यह न केवल मेरे लिए, बल्कि सभी विधायकों के लिए बहुत बड़ा सम्मान है।" BJP के सहयोगी दल निषाद पार्टी के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने कहा कि राज्य के दोनों सदनों के सदस्य, सत्ता पक्ष के सदस्य और विपक्ष के सदस्य अयोध्या जा रहे हैं।