Ram Mandir Inauguration: राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद मामले में वादी रहे इकबाल अंसारी (Iqbal Ansari) को शुक्रवार को 22 जनवरी को मंदिर के गर्भगृह में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा (Ramlala Pran Pratishtha) समारोह में शामिल होने का न्योता मिला। उनकी बेटी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आमंत्रण पत्र रामपथ के नजदीक कोटिया पंजीटोला स्थित अंसारी के आवास पर प्राप्त हुआ।
Moneycontrol Hindi से बात करते हुए खुद इकबाल अंसारी ने इसकी पुष्टि की कि उन्हें राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का न्योता मिला है।
जब हमने उनसे पूछा कि आपको न्योता मिला है, तो क्या आप प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होंगे? इस पर अंसारी ने कहा, "जी हां हमें न्योता मिला है और हम बिल्कुल जाएंगे।"
इससे पहले अंसारी की बेटी शमा परवीन ने न्यूज एजेंसी PTI से कहा, "आज दिन में मेरे पिता को (प्राण प्रतिष्ठा समारोह का) न्योता मिला।" अंसारी ने पहले कहा था कि मुस्लिम समुदाय राम मंदिर मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के 2019 के फैसले का सम्मान करता है।
सूत्रों ने बताया कि 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। वहीं देश और विदेश से आमंत्रित अतिथियों की संख्या करीब सात हजार है।
इकबाल अंसारी ने 31 दिसंबर को न्यूज एजेंसी PTI को दिए इंटरव्यू में कहा था कि मुस्लिम समुदाय 2019 में राम मंदिर पर आए उच्चतम न्यायालय के फैसले का सम्मान करता है।
इकबाल अंसारी ने 2016 में अपने पिता की मृत्यु के बाद अयोध्या भूमि विवाद मामले को आगे बढ़ाया, जो इस मामले में सबसे उम्रदराज वादी थे।
अदालत के बाहर अयोध्या विवाद के किसी भी समाधान को वादी अंसारी, हाजी महबूब और मोहम्मद उमर ने अस्वीकार कर दिया था। अयोध्या में स्थानीय मुसलमानों की एक बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें घोषणा की गई कि मुसलमान मस्जिद को किसी दूसरी जगह पर नहीं ले जाएंगे।
हाल ही में इकबाल अंसारी को शनिवार को रोड शो के दौरान प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले पर फूल बरसाते भी देखा गया था।
अंसारी ने कहना है कि ये सौभाग्यशाली की बात है, पीएम मोदी दर्शन के लिए अयोध्या आए और उन्होंने सुझाव दिया कि उन्हें 'प्राण प्रतिष्ठा' अनुष्ठान करना चाहिए।
इकबाल अंसारी ने बताया, "जब मोदी जी का काफिला मेरे घर के सामने से आया, तो मैंने उन पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं। इस दौरान मेरे परिवार के सदस्य भी मौजूद थे।"
'राम लला' के भव्य अभिषेक समारोह के लिए 6,000 निमंत्रण कार्ड देश भर से आमंत्रित लोगों को भेजे गए हैं। ये निमंत्रण कार्ड श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की तरफ से 6,000 से अधिक लोगों को भेजे गए हैं।
राम मंदिर के प्रतिष्ठा समारोह में अमिताभ बच्चन, माधुरी दीक्षित, अनुपम खेर, रजनीकांत और अक्षय कुमार समेत कई सीनियर कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। मंदिर ट्रस्ट ने निर्माता महावीर जैन के साथ-साथ जाने-माने डायरेक्टर राजकुमार हिरानी, संजय लीला भंसाली और रोहित शेट्टी को भी आमंत्रित किया है।