Bahraich Wolf Attack: भेडिए ने रात 12 बजे फिर किया हमला, बच्ची का गला पकड़कर घसीटा, बच गई जान

Bahraich Bhediya Attack: उत्तर प्रदेश के बहराइच में इन दिनों लोग भेड़ियों के आतंक से दहशत में जी रहे हैं। नेपाल की सीमा से सटे बहराइच के करीब 35 गांवों के लोग पिछले दो महीने से खादमखोर भेड़ियों से खौफ के साए में जी रहे हैं। सोमवार देर रात को उसने पांच साल की मासूम बच्ची को अपना शिकार बनाना चाहा

अपडेटेड Sep 03, 2024 पर 12:03 PM
Bahraich Bhediya Attack: भेड़िए अब तक 10 लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं

उत्तर प्रदेश के बहराइच में आदमखोर भेड़ियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कड़ी निगरानी के बीच भी भेड़िए की ओर से हमले रुक नहीं रहे हैं। ताजा मामला सोमवार की आधी रात का है। जिले के थाना रामगांव इलाके के पडोहिया गिरधर पुरवा गांव में देर रात भेड़िए ने हमला कर मासूम बच्ची को घायल कर दिया। वह उसे दबोच कर जंगल की ओर ले जाना चाहता था, लेकिन ग्रामीणों के शोरगुल से भेड़िया बच्ची को छोड़कर भाग खड़ा हुआ। हालांकि बच्ची घायल हो गई है। इस हमले के बाद गांव के लोग फिर से दहशत में आ गए हैं।

भेड़िए ने जब हमला किया तो बच्ची जोर से चिल्लाई। बच्ची की आवाज सुनकर परिजनों की नींद खुल गई। परिजनों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुन गांव के ग्रामीण भी जाग गए। ग्रामीणों का शोरगुल सुनकर खूंखार भेड़िया बच्ची को छोड़कर भाग खड़ा हुआ। जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक गांव में पहुंच गए। खूंखार भेड़ियों को सर्च किया जा रहा है। उन्हें तलाशने के लिए वन विभाग की टीमें लगी हुई हैं।

भेड़ियों को पकड़ने में जुटीं 25 टीमें


भेड़ियों का खौफ बहराइच जिले के 35 से ज्यादा गांवों में है। आदमखोरों के हमले में कई लोग घायल हो चुके हैं। जबकि 9 बच्चों समेत 10 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभी 2 भेड़िए बचे हैं, उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि 2 से ज्यादा भेड़िए गांवों में घूम रहे हैँ। भेड़ियों को पकड़ने के लिए 4 पिंजरे लगाए गए हैं। उनकी हर एक हरकत पर ड्रोन कैमरे के जरिए नजर रखी जा रही है। इसके लिए 200 पीएसी के जवान, राजस्व विभाग के 32 और वन विभाग की 25 टीमें भेड़ियों को पकड़ने डटी हुई हैं।

पहले मैकिपुरवा गांव में किया हमला

बता दें कि सबसे पहले बीती रात मैकिपुरवा गांव में आदमखोर भेड़िया ने दस्तक दी। गांव वालों ने शोर मचाया। वन विभाग की टीम आई और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। लेकिन, थोड़ी ही देर बाद मैकिपुरवा गांव से तकरीबन 7 किलोमीटर की दूरी पर गिरधरपुर पंढवा गांव में आदमखोर भेड़िया ने 6 साल की मासूम पर हमला कर दिया।

बहराइच में तैनात हैं बड़े अधिकारी

बता दें कि सीएम योगी के बाद वन विभाग के बड़े-बड़े अधिकारी बहराइच पहुंच गए हैं। वन निगम के एमडी (IFS) संजय कुमार, मुख्य वन संरक्षक (IFS) एचवी गिरीश, दो DFO और 2 सहायक वन संरक्षक समेत 10 अफसर बहराइच में डेरा डाले हुए हैं। भेड़ियों को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसमें MD संजय कुमार और CCF एचवी गिरीश के संयुक्त नेतृत्व में यह अभियान चल रहा है।

Bhediya Attack: बच्चों को बचाने के लिए भेड़िये से भिड़ गई मां, कुत्ते से भी हुआ जंगली जानवर का संघर्ष, रात भर मचाया आतंक

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।