Bandra stampede News: मुंबई के बांद्रा टर्मिनस पर रविवार सुबह भारी भीड़ से भगदड़ मच गई, जिस वजह से अब तक 10 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। अब इस घटना को लेकर रेलवे की तरफ से एक बड़ा अपडेट सामने आया है। रेलवे ने अपने जांच में पाया है कि ट्रेन के लेट होने के कारण लोग दूसरी ट्रेन पकड़ने के लिए दौर पड़े थे, जिस कारण ये अनहोनी हो गई। दरअसल गवर्नमेंट रेलवे पुलिस ने बांद्रा भगदड़ की घटना की जांच में पाया कि बांद्रा से गोरखपुर जाने वाली दिवाली स्पेशल ट्रेन, नंबर- 05051, 16 घंटे की देरी से चली थी। जब ट्रेन के यात्रियों को देरी के बारे में पता चला, तो वे ट्रेन संख्या- 22921 गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस में चढ़ने के लिए दौड़ पड़े, जिससे भगदड़ मच गई।
मुंबई से गोरखपुर जा रही थी दिवाली स्पेशल ट्रेन
जानकारी के मुताबिक, दिवाली स्पेशल ट्रेन- 05051 मुंबई के बांद्रा से गोरखपुर के लिए जा रही थी। त्योहार का समय होने से स्टेशन पर काफी भीड़ था। जब लोगों को पता चला की ट्रेन करीब 16 घंटे की देरी से चल रही है, तो यात्री दूसरी ट्रेन पकड़ने के लिए दौड़ पड़े, जिस कारण भगदड़ की स्थिति पैदा हुई और करीब 10 लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि किसी भी यात्री की मौत नहीं हुई।
भगदड़ में घायल हुए 10 लोग
बांद्रा स्थित भाबा अस्पताल के चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुशील ने कहा कि घटना में 10 लोग घायल हुए हैं। इनमें से पांच को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी पहचान 30 साल के रवींद्र हरिहर चुमा के रूप में की गई है; 29 साल के रामसेवक रविंद्र प्रसाद प्रजापति; 28 साल के परमेश्वर सुखद गुप्ता; 27 वर्षीय संजय तिलकराम कांगे और 18 साल के दिव्यांशु योगेंद्र यादव के रूप में हुई है।
वहीं डॉक्टर ने बताया है कि अभी मरीजों की हालत सही है। जानकारी के मुताबिक, दो मरीजों को आगे के इलाज के लिए परेल के किंग एडवर्ड मेमोरियल (KEM) अस्पताल में भेज दिया गाय है। 18 साल के नूर मोहम्मद शेख ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं और इस घटना में उन्हें कई चोटें आई हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
अकसर त्योहारी सीजन में घटती रहती हैं ऐसी घटनाएं
ये पहली बार नहीं है, जब इस तरह की घटना घटी है। पहले भी इस तरह की कई सारी घटनाएं घट चुकी हैं। देशभर में 3 साल में करीब 130 ट्रेन हादसे हो चुके हैं। वहीं खास कर त्योहार के समय भीड़ होने से इस तरह की घटनाएं देखने को मिलती हैं।