Bengaluru Accident: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु (Bengaluru) में एक सीमेंट मिक्सर ट्रक के पलट जाने से एक 47 वर्षीय महिला और उसकी 15 वर्षीय बेटी की कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। यह दुर्घटना बेंगलुरु के बाहरी इलाके में कगलीपुरा के पास बन्नेरघट्टा रोड (Bannerghatta Road) पर हुई। यह दर्दनाक घटना उस वक्त हुई जब गायत्री कुमार (Gayathri Kumar) के रूप में पहचानी जाने वाली महिला अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने जा रही थी। मृतक बेटी की पहचान समता कुमार (Samatha Kumar) के रूप में हुई है, कक्षा 10 की छात्रा थी।
यह घटना कथित तौर पर सुबह 8:30 बजे के आसपास हुई। पुलिस ने बताया कि एक तेज रफ्तार से जा रही सीमेंट मिक्सर कार के बगल में चलते हुए जब थोड़ा सा मोड़ने की कोशिश कर रही थी, तभी वह मां-बेटी की कार पर पलट गई और यह हादसा हो गया।
घटना की तस्वीरों में देखा जा सकता है कि सीमेंट मिक्सर कार के ऊपर गिर गई है और हैचबैक पूरी तरह से चपटा हो गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शवों को कार से निकालने से पहले उन्हें ट्रक को हटाने के लिए चार क्रेन और एक एक्सकेवेटर का इस्तेमाल करना पड़ा।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दुर्घटना के कुछ सेकंड बाद गायत्री के पति को कार की इमरजेंसी सिस्टम के माध्यम से एक टेक्स्ट मैसेज मिला था। हालांकि, जब तक वह उनके पास पहुंच पाते तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि ट्रक का चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। बेंगलुरु पुलिस ने ट्रक के मालिक और ड्राइवर का पता लगाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है।
बेंगलुरु पुलिस ने एक बयान में कहा, बेंगलुरु के बन्नेरघट्टा रोड पर एक कंक्रीट मिक्सर ट्रक के पलट जाने और उनके वाहन को कुचलने से गायत्री कुमार और उनकी बेटी समता कुमार नाम की एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक मालिक की पहचान कर ली है। फिलहाल, ड्राइवर और मालिक की तलाश जारी है।