BJP ने AAP पर लगाया भ्रष्टाचार का नया आरोप, मजदूरों के लिए आवंटित 3,000 करोड़ रुपये की हेराफेरी करने का आरोप

BJP Vs AAP: BJP प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि जांच में दिल्ली में दो लाख फर्जी रजिस्ट्रेशन का खुलासा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि 65,000 श्रमिकों के पास एक ही मोबाइल नंबर था

अपडेटेड Nov 04, 2022 पर 3:35 PM
BJP ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार ने ‘फर्जी’ कंस्ट्रक्शन मजदूरों के लिए 3,000 करोड़ रुपये जारी किए

BJP Vs AAP: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शुक्रवार को दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार (AAP Govt) पर ‘फर्जी’ कंस्ट्रक्शन मजदूरों (construction workers) का रजिस्ट्रेशन करने और उनके लिए आवंटित धन की हेराफेरी करने का आरोप लगाया। पार्टी ने दावा किया कि इस धन का इस्तेमाल आम आदमी पार्टी (AAP) से संबंधित कामों में किया गया।

बीजेपी दिल्ली के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी के साथ संयुक्त रूप से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की नियत में ही खोट है। पात्रा ने कंस्ट्रक्शन मजदूरों से संबंधित इसे भारत का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार का मामला बताया।

3,000 करोड़ रुपये की हेराफेरी करने का आरोप


संबित पात्रा ने कहा कि कंस्ट्रक्शन श्रमिकों के लिए काम करने वाले तीन गैर सरकारी संगठनों (NGO) ने फर्जीवाड़े के माध्यम से उनके रजिस्ट्रेशन में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया। बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार ने ‘फर्जी’ कंस्ट्रक्शन मजदूरों के लिए 3,000 करोड़ रुपये जारी किए।

ये भी पढ़ें- Gujarat Elections 2022: गुजरात में इसुदान गढ़वी होंगे AAP के सीएम कैंडिडेट, केजरीवाल ने किया ऐलान

संबंधित आंकड़ों का ब्योरा देते हुए पात्रा ने कहा कि 2006 से 2021 के बीच दिल्ली सरकार के श्रम विभाग के तहत 13 लाख से अधिक कंस्ट्रक्शन श्रमिक रजिस्टर्ड थे। इनमें से 9 लाख से अधिक 2018 से 2021 के बीच रजिस्ट्रेशन किए गए थे।

दो लाख फर्जी रजिस्ट्रेशन का खुलासा

पात्रा ने कहा कि जांच में दिल्ली में दो लाख फर्जी रजिस्ट्रेशन का खुलासा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि 65,000 श्रमिकों के पास एक ही मोबाइल नंबर था। जबकि 15,700 के पास दिल्ली में एक ही आवासीय पता था और शेष 4,370 का एक ही स्थायी पता था। उन्होंने कहा कि हालांकि, एक ही अस्थायी या स्थायी पते को साझा करने वाला इनमें से कोई भी श्रमिक एक-दूसरे से जुड़ा नहीं है।

संबित पात्रा ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार पर कंस्ट्रक्शन श्रमिकों के कल्याण के लिए निर्धारित राशि में हेराफेरी का आरोप लगाया। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि इससे प्राप्त रकम को आम आदमी पार्टी से जुड़े कामकाज में लगाया गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।