Boycott Maldives: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्षद्वीप यात्रा के बाद मालदीव की चर्चा खूब हो रही है। लोग मालदीव के बजाय लक्षद्वीप को पर्यटन के लिहाज से बेहतर बता रहे हैं। सोशल मीडिया पर लक्षद्वीप की खूबसूरत तस्वीरें लगातार पोस्ट की जा रही है। इस बीच मालदीव की मंत्री का पीएम मोदी पर की गई टिप्पणी महंगी पड़ती जा रही है। सोशल मीडिया पर #BoycottMaldives ट्रेंड हो रहा है। हजारों भारतीयों ने मालदीव जाने का प्लान कैंसिल कर दिया है। कई सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया जा रहा है मालदीव के एक मंत्री के बयान के बाद करीब 8,000 से अधिक होटल की बुकिंग कैंसिल हो गई है। इसके साथ ही 2,500 फ्लाइट्स के टिकट कैंसिल हो गए हैं।
बता दें कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लक्षद्वीप की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थी। इसके बाद मालदीव को इन तस्वीरों से मिर्ची लग गई। मालदीव की युवा सशक्तिकरण, सूचना और कला उपमंत्री मरियम शिउना (Mariyam Shiuna) ने पीएम मोदी की लक्षद्वीप यात्रा की तस्वीरें पोस्ट करने के बाद अपमानजनक टिप्पणी की। मरियम ने नरेंद्र मोदी के लिए 'जोकर' और 'इजराइल की कठपुतली' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। हालांकि बाद में उन्होंने ये ट्वीट हटा दिया। एक और पोस्ट में मरियम ने मालदीव में भारतीय सेना की उपस्थिति को लेकर भी सवाल किया। उन्होंने लिखा कि मालदीव को भारतीय सेना की कोई जरूरत नहीं है।
सोशल मीडिया पर मालदीव बनाम लक्षद्वीप
एक यूजर ने हैशटैग बॉयकॉट मालदीव के साथ लिखा कि पीएम मोदी की लक्षद्वीप यात्रा मालदीव पर सर्जिकल स्ट्राइक से कम नहीं है। वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि मैं भारत में केदारनाथ, बद्रीनाथ, नैनीताल और मुंबई जैसी जगहों पर गया हूं। लेकिन लक्षद्वीप मालदीव से कहीं अधिक सुंदर है। ऐसे में मैं नई जगह देखने के लिए विदेश क्यूं जाऊं। मेरा देश सबसे बेस्ट है। एक अन्य यूजर @renuchoudhary93 ने लिखा कि जब हमारे पास लक्षद्वीप है तो मालदीव क्यों जाना? मैंने मालदीव का बॉयकॉट करने का फैसला किया है। यूजर ने लिखा कि मालदीव सरकार को लगता है कि भारतीय महत्वपूर्ण नहीं है, आइए हम मालदीव का पूरी तरह बहिष्कार कर अपना महत्व दिखा दें।
हजारों यात्रियों ने मालदीव का प्लान कर दिया कैंसिल
वहीं कई सोशल मीडिया में दावा किया जा रहा है कि हजारों लोगों ने मालदीव जाने का प्लान कैंसिल कर दिया है। सोशल मीडिया पर लोग मालदीव के खिलाफ गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। ऐसे में इतना तो तय है कि मालदीव को झटका लगना तय है। मालदीव की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से पर्यटन पर ही निर्भर है। सोशल मीडिया पर ऐसे कई पोस्ट शेयर किए जा रहे हैं। जिसमें लोग अपने मालदीव के टूर को कैंसल करने की जानकारी देते हुए स्क्रीनशॉट शेयर कर रहे हैं। एक यूजर @RajeshNain ने लिखा कि जब से मालदीव के मंत्री ने भारत का अपमान किया है। तब से 8166 होटल बुकिंग और करीब 2500 फ्लाइट टिकट कैंसल हो चुके हैं। हालांकि, आधिकारिक रूप से इन आंकड़ों की पुष्टि नहीं हो सकी है।
मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति अपने ही मंत्रियों से भिड़े
मामला इतना ज्यादा बढ़ गया कि मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्द नशीद भी अपने मंत्री से भिड़ गए। मालदीव की मंत्री की ओर से की गई टिप्पणी को पूर्व राष्ट्रपति नेताओं को नसीहत दी है। उन्होंने मरियम शिउना की ओर से की गई टिप्प्णी की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि मरियम शिउना की ओर से की गई इस्तेमाल की भाषा बेहद घटिया थी। उन्होंने कहा कि मालदीव की सुरक्षा और समृद्धि के लिए भारत एक बड़ा सहयोगी है। उन्होंने आगे कहा कि मोहम्मद मुइज्जू सरकार को इन टिप्पणियों से खुद को दूर रखना चाहिए। इसके साथ ही भारत को साफ तौर पर आश्वासन देना चाहिए कि उनके बयान सरकार की नीति को नहीं दर्शाते हैं।