CDS Bipin Rawat Death : पत्नी के साथ सुबह 9 बजे दिल्ली से रवाना हुए थे CDS बिपिन रावत, जानें दुर्घटना तक कब-कब क्या हुआ

इस हादसे में CDS और उनकी पत्नी समेत 12 लोगों की मौत हो गई। ये दुर्घटना आज दोपहर करीब 12 बज के 20 मिनट पर हुई

अपडेटेड Dec 08, 2021 पर 8:18 PM
हेलीकॉप्टर क्रैश में CDS बिपिन रावत और उनकी पत्नी की मौत (FILE)

तमिलनाडु (Tamil Nadu) के कुन्नूर में बुधवार को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना (Helicopter Crash) में देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल विपिन रावत (Bipin Rawat) का निधन हो गया। इस हादसे में CDS और उनकी पत्नी समेत 12 लोगों की मौत हो गई। ये दुर्घटना आज दोपहर करीब 12 बज के 20 मिनट पर हुई।

भारतीय वायुसेना ने CDS के निधिन की पुष्टि करते हुए ट्वीट किया, 'गहरे अफसोस के साथ अब यह पता चला है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत और उसमें सवार 11 अन्य लोगों की मौत हो गई है।' वायुसेना ने कहा कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

दिल्ली से CDS के उड़ान भरने से लेकर हादसे के समय तक कब-कब क्या हुआ:


- एक विशेष विमान बुधवार सुबह करीब नौ बजे दिल्ली से रवाना हुआ।

- विमान में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत और उनकी पत्नी समेत नौ लोग सवार थे।

- विमान सुबह 11.35 बजे सुलूर वायुसेना स्टेशन पहुंचता है।

- 14 लोग, जिसमें 5 चालक दल के सदस्य और CDS रावत और पत्नी सहित 9 लोग, वायु सेना के Mi-17V5 हेलीकॉप्टर में सुबह 11.45 बजे विलिंगटन के लिए रवाना होते हैं।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस, संजय गांधी और 2 मुख्यमंत्री; CDS बिपिन रावत से पहले इन हस्तियों की भी हेलीकॉप्टर क्रैश में हुई थी मौत

- CDS जनरल बिपिन रावत आज स्टाफ कोर्स के फैकल्टी और छात्र अधिकारियों को संबोधित करने के लिए डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन (नीलगिरी हिल्स) के दौरे पर थे।

- हादसा दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर कटेरी इलाके के नंचपा चथरम में हुआ।

- सुलूर वायुसेना स्टेशन और दुर्घटनास्थल के बीच की दूरी करीब 94 किलोमीटर है।

- दुर्घटनास्थल और वेलिंगटन आर्मी कैंप के बीच की दूरी करीब 16 किलोमीटर है।

- दुर्घटनास्थल से वेलिंगटन आर्मी कैंप पहुंचने में महज पांच मिनट का समय है।

कल संसद में बयान देंगे रक्षा मंत्री

ऑल इंडिया रेडियो (AIR) ने बताया है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस मामले में कल संसद में बयान दे सकते हैं। वहीं, समाचार एजेंसी पीटीआई ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के हवाले से बताया है कि तमिलनाडु में हुए हेलिकॉप्टर हादसे को लेकर संबंधित मंत्रालय की ओर से जानकारी दी जाएगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कुछ देर पहले जनरल रावत के नई दिल्ली स्थित आवास पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात की।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।