नेताजी सुभाष चंद्र बोस, संजय गांधी और 2 मुख्यमंत्री; CDS बिपिन रावत से पहले इन हस्तियों की भी हेलीकॉप्टर क्रैश में हुई थी मौत

CDS बिपिन रावत का बुधवार को तमिलनाडु के कुन्नूर में एक हेलीकॉप्टर क्रैश में निधन हो गया

अपडेटेड Dec 09, 2021 पर 1:40 PM
CDS बिपिन रावत से पहले इन हस्तियों की भी हेलीकॉप्टर क्रैश में हुई थी मौत

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत (CDS Bipin Rawat) का बुधवार को तमिलनाडु के कुन्नूर (Kunnur) में एक हेलीकॉप्टर क्रैश (Army Helicopter Crash) में निधन हो गया। भारतीय वायु सेना ने एक बयान में बताता, "CDS बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और अन्य सैन्य अफसरों को लेकर जा रहा वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर कुन्नूर के पास दुखद हादसे का शिकार हो गया। गहरे अफसोस के साथ अब यह पता चला है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत और उसमें सवार 11 अन्य लोगों की मौत हो गई।" हादसे का कारण कोहरे की वजह से लो-विजिबिलिटी बताया जा रहा है। वायुसेना ने इस मामले में विस्तृत जांच का आदेश दिया है। बता दें कि इससे पहले भी ऐसे कई दिल दहला देने वाले हादसे हो चुके हैं। आइए जानते हैं कुछ ऐसी ही मशहूर भारतीय हस्तियों को, जिनकी मौत प्लेन या हेलीकॉप्टर क्रैश में हुई थी।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस

18 अगस्त 1945 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की एक हवाई दुर्घटना में मौत हो गई। हालांकि कई लोग इस हादसे पर सवाल भी उठाते हैं और इस मामले में कई बार जांच भी हो चुकी है। हालांकि इस हादसे को नकारने वाले अभी कोई ठोस तथ्य नहीं मिल पाया है। 23 अगस्त 1945 को टोकियो रेडियो ने उनकी मौत की घोषणा करते हुए कहा था कि 18 अगस्त को ताइहोकू एयरपोर्ट के पास उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रेडियो पर बताया गया कि नेताजी गंभीर रूप से जल गये थे। उन्हें ताइहोकू सैनिक अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

परमाणु वैज्ञानिक होमी जहांगीर भाभा


भारत के परमाणु उर्जा प्रोग्राम के जनक कहे जाने वाले होमी जहांगीर भाभा की मौत 24 जनवरी 1966 को एक विमान हादसे में हुई थी। होमी जहांगीर भाभा एयर इंडिया के फ्लाइट नंबर 101 से सफर कर रहे थे। मुंबई से न्‍यूयॉर्क जा रहा एयर इंडिया का बोइंग 707 विमान माउंट ब्‍लैंक पहाड़ियों के पास हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में होमी जहांगीर भाभा समेत विमान में सवार सभी 117 यात्रियों की मौत हो गई थी। कहा जाता है कि अगर उनकी असमय मृत्यु नहीं हुई होती तो भारत काफी पहले न्यूक्लियर साइंस के क्षेत्र में कहीं बड़ी उपलब्धि हासिल कर चुका होता।

CDS Bipin Rawat Death : पत्नी के साथ सुबह 9 बजे दिल्ली से रवाना हुए थे CDS बिपिन रावत, जानें दुर्घटना तक कब-कब क्या हुआ

संजय गांधी

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के छोटे बेटे और कांग्रेस के युवा नेता संजय गांधी की 23 जून 1980 को एक प्लेन हादसे में मौत हो गई। इमरजेंसी के दौरान उनकी काफी विवादास्पद भूमिका रही थी। कांग्रेस में कई युवा नेताओं का आगे करने का भी उन्हें श्रेय दिया जाता है। उनका प्लेन सफदरदंग एयरपोर्ट पर क्रैश हुआ था। पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, उनकी पत्नी और बीजेपी सांसद वरुण गांधी उनके बेटे हैं।

माधवराव सिंधिया

कांग्रेस के बड़े नेता रहे माधवराध सिंधिया की 30 सितंबर 2001 को यूपी के मैनपुरी में एक प्लेन हादसे में मौत हो गई थी। यह एक चार्टड प्लेन था, जिसने दिल्ली से उड़ान भर थी। सिंधिया इस प्लेन से कानपुर में एक सभा को संबोधित करने जा रहे थे। हादसे के दौरान प्लेन में सवार सभी लोगों की मौत हो गई। केंद्रीय एविएशन मिनिस्टर ज्योतिरादित्य सिंधियां इनके बेटे हैं।

वाईएस राजशेखर रेड्डी

आंध्र प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री और कांग्रेस के बड़े नेता रहे वाईएस राजशेखर रेड्डी की 2 सितंबर 2009 को एक हेलीकॉप्टर क्रैश में मौत हो गई थी। उनका हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद लापता हो गया था। सेना की मदद से अगले तीन सितंबर को कुरनूल में हेलीकॉप्टर के मलबे और उनके शव को बरामद किया। आंध्र प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी उनके बेटे हैं।

दोरजी खांडू

अरुणाचल प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री दोरजी खांडू की मई 2011 में एक हेलीकॉप्टर क्रैश में मौत हो गई थी। खांडू वायुसेना के पवन हंस हेलीकॉप्टर में सवार थे। इस हादसे में उनके साथ सवार 4 और लोगों की भी मौत हुई थी।

जीएमसी बालयोगी

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और तेलगूदेशम पार्टी के नेता जीएमसी बालयोगी की मौत भी एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हुई थी। उन्होंने एक निजी हेलीकॉप्टर से अपने अंगरक्षकों और एक सहायक के साथ भीमावरण जिले से उड़ान भर थी। उड़ान भरने के करीब 20 मिनट के बाद तकनीकी खराबी के चलते उनका हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया।

ओपी जिंदल

हरियाणा के बिजली मंत्री और बड़े स्टील बिजनेसमैन ओपीजिंदल की मौत भी एक हेलीकॉप्टर हादसे में हुई थी। उनका हेलीकॉप्टर 1 अप्रैल 2005 को यूपी के सहारनपुर में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। यह एक प्राइवेट हेलीकॉप्टर था, जिसे जिंदल ग्रुप ने कुछ महीने पहले ही खरीदा था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।