Get App

Bomb Threats: फ्लाइट्स को बम की धमकी मिलने पर केंद्र ने X को लगाई फटकार, 'यह अपराध को बढ़ावा देने के समान है'

Bomb Threats: सूत्रों ने बताया कि पिछले आठ दिनों में विभिन्न उड़ानों में बम की धमकियों के संदर्भ में कई एयरलाइन अधिकारियों और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की एक वर्चुअल बैठक हुई। जानकारी के अनुसार, संयुक्त सचिव संकेत एस भोंडवे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में एलॉन मस्क की सोशल मीडिया कंपनी X को जमकर फटकार लगाई गई

Akhileshअपडेटेड Oct 23, 2024 पर 4:24 PM
Bomb Threats: फ्लाइट्स को बम की धमकी मिलने पर केंद्र ने X को लगाई फटकार, 'यह अपराध को बढ़ावा देने के समान है'
Bomb Threats: पिछले 10 दिनों में करीब 100 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है

Bomb Threats: पिछले कुछ दिनों से 100 से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बम से उड़ाने की मिली धमकियों के बाद केंद्र सरकार ने बुधवार (23 अक्टूबर) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) को स्थिति से निपटने के तरीके के लिए जमकर फटकार लगाई। केंद्र ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट से कहा कि यह "अपराध को बढ़ावा देने" के बराबर है। केंद्र की ओर से ये तीखी टिप्पणी एक वर्चुअल मीटिंग के दौरान सामने आई, जिसे इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने एयरलाइंस और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और Meta के अधिकारियों के साथ बुलाया था।

सरकार ने एक्स और मेटा जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के प्रतिनिधियों से इसे रोकने के लिए उचित कदम उठाने का आदेश दिया है। बता दें कि पिछले आठ दिनों में 100 से अधिक घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में बम की झूठी धमकियां मिली हैं, जिससे सुरक्षा स्थिति गंभीर हो गई है।

सूत्रों ने बताया कि पिछले आठ दिनों में विभिन्न उड़ानों में बम की धमकियों के संदर्भ में कई एयरलाइन अधिकारियों और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की वर्चुअल बैठक हुई। घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता संयुक्त सचिव संकेत एस भोंडवे ने की और इसमें एयर इंडिया और विस्तारा के अधिकारी शामिल हुए। आईटी मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स की आलोचना की, जहां से सबसे ज्यादा ऐसी धमकियां मिलीं।

X से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित समाधानों का उपयोग करके मैसेज भेजने वाले खातों को ब्लॉक करने के लिए भी कहा गया। केंद्र ने कहा कि वह एयरलाइनों के खिलाफ बम की धमकियों से निपटने के लिए नए कानून तैयार कर रहा है, जिसमें जिम्मेदार लोगों को 'नो-फ्लाई लिस्ट' में शामिल करना भी शामिल है। यह विमान सुरक्षा नियमों में संशोधन पर भी विचार कर रहा है जो उड़ानों के खिलाफ बम की धमकी देने वाले व्यक्तियों के लिए सख्त दंड सुनिश्चित करेगा।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें