Chandra Grahan 2023: चंद्र ग्रहण की विशेष धार्मिक मान्यता है। इस खगोलीय घटना को पूरी दुनिया में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इस साल कुल चार ग्रहण बताए जा रहे हैं। जिनमें से दो सूर्य ग्रहण और दो चंद्र ग्रहण हैं। 5 मई 2023 को साल का पहला चंद्र ग्रहण लगा था। अब 29 अक्टूबर 2023 को दूसरा और आखिरी चंद्र ग्रहण लगेगा। वहीं साल का पहला सूर्य ग्रहण 20 अप्रैल को लगा था। जबकि साल का दूसरा सूर्य ग्रहण 14 अक्टूबर को लगेगा। साल 2023 का दूसरा चंद्र ग्रहण खास रहेगा। यह पूरे साल में लगने वाले सभी ग्रहणों में एक मात्र ऐसा ग्रहण होगा। जिसे भारत में देखा जा सकेगा। इसलिए यहां इसका सूतक भी मान्य होगा।
साल 2023 का दूसरा चंद्र ग्रहण 29 अक्टूबर 2023 को रविवार के दिन लगेगा। यह साल का अंतिम चंद्र ग्रहण होगा। चंद्र ग्रहण रात 01:06 बजे शुरू होगा और 02:22 बजे खत्म होगा। भारत में ग्रहण की कुल अवधि 1 घंटे 16 मिनट की होगी।
दूसरे चंद्र ग्रहण का सूतक काल
रविवार 29 अक्टूबर को लगने वाला चंद्र ग्रहण भारत में भी दिखाई देगा। लिहाजा यहां इसका सूतक भी मान्य होगा। शुभ-मांगलिक काम और पूजा-पाठ समेत कोई भी काम नहीं किए जाएंगे। चंद्र ग्रहण के 9 घंटे पहले ही सूतक काल मान्य हो जाता है। सूतक लगते ही मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। भारत के अलावा यह चंद्र ग्रहण नेपाल, श्रीलंका, बांग्लादेश, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, भूटान, मंगोलिया, चीन, ईरान, रूस, कजाकिस्तान, सऊदी अरब, सूडान, इराक, तुर्की, अल्जीरिया, जर्मनी, पोलैंड, नाइजीरिया, दक्षिण अफ्रीका, इटली, यूक्रेन, फ्रांस, नॉर्वे, ब्रिटेन, स्पेन, स्वीडन, मलेशिया, फिलीपींस, थाईलैंड, ऑस्ट्रेलिया, जापान और इंडोनेशिया में भी दिखाई देगा।
जानिए कब लगता है चंद्र ग्रहण?
विज्ञान के मुताबिक, जब सूर्य और चंद्रमा के बीच में पृथ्वी आ जाती है तो चंद्र ग्रहण लगता है। इसे अद्भुत खगोलीय घटना माना जाता है। वहीं ज्योतिष मे इसे समुद्र मंथन की कथा और राहु-केतु से जोड़ा जाता है। इसलिए ग्रहण लगने की घटना को धार्मिक नजरिए से शुभ नहीं माना जाता है।
कितनी तरह के होते हैं चंद्र ग्रहण?
पूर्ण चंद्र ग्रहण तब लगता है, जब पृथ्वी की छाया संपूर्ण चंद्रमा की सतह पर पड़ती है।
आंशिक चंद्र ग्रहण के दौरान चंद्रमा का सिर्फ एक ही हिस्सा पृथ्वी की छाया में प्रवेश करता है। इसमें ऐसा लगता है कि चंद्रमा सतह से काट रहा और पृथ्वी की छाया चंद्रमा के उस भाग में काली दिखाई देती है, जोकि पृथ्वी के नजदीक होती है।
इस तरह के ग्रहण में पृथ्वी की छाया का कुछ बाहरी भाग चंद्र सतह पर पड़ता है। यह ऊपर के दोनों ग्रहण से अलग होता है। ऐसे ग्रहण को देख पाना मुश्किल होता है।
साल 2023 का दूसरा सूर्य ग्रहण
वहीं साल 2023 का दूसरा सूर्य ग्रहण 14 अक्टूबर को लगेगा। यह ग्रहण भारतीय समयानुसार रात 8.34 बजे शुरू होगा और दोपहर 2.25 बजे खत्म हो जाएगा। यह सूर्य ग्रहण भारत में नहीं दिखाई देगा। इसलिए इसमें सूतक नहीं लगेगा। यह ग्रहण पश्चिमी अफ्रीका, उत्तरी अमेरिका, दक्षिण अमेरिका, अटलांटिक और आर्कटिक में देखा जा सकेगा।