Cold Wave: राजस्थान में पड़ रही कड़ाके की ठंड, चूरू में पारा 0.5 डिग्री तक लुढ़का, IMD ने बताया कब मिलेगी सर्दी से राहत

Cold Wave: दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों से भीषण शीतलहर और कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। राजस्थान के चूरू में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राज्य के कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। हरियाणा और पंजाब सहित कई राज्यों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है

अपडेटेड Dec 28, 2022 पर 11:07 AM
Story continues below Advertisement
Cold Wave: दिल्ली सहित पूरे NCR में हाड़ कंपा देने वाली ठंडी हवाएं चल रही हैं

IMD Weather Forecast Latest Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों से भीषण शीतलहर और कड़ाके की ठंड (Cold Wave) का प्रकोप जारी है। दिल्ली सहित पूरे NCR में हाड़ कंपा देने वाली ठंडी हवाएं चल रही हैं। हरियाणा और पंजाब सहित कई राज्यों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। राजस्थान में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। राजस्थान के चूरू (Churu) में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राज्य के कई इलाकों में आज भी घना कोहरा छाया हुआ है।

इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के मुताबिक, मंगलवार को चूरू में दिन का अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रकृति की सनक ने राजस्थान के इस अनोखे शहर को अपनी अलग पहचान दी है। गर्मियों में चुरू में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। जबकि शहर में सर्दी के आते ही पारा शून्य से नीचे चला जाता है।

दिल्ली में पड़ रही शिमला जैसी कड़ाके की ठंड


मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पारा और गिरने की चेतावनी दी है। हैरानी की बात यह है कि मंगलवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में धर्मशाला और नैनीताल जैसे हिल स्टेशनों से भी अधिक ठंड थे। मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान में अगले 24 घंटे घना कोहरा छाया रह सकता है। इन राज्यों में यही स्थिति अगले चार दिनों तक जारी रह सकती है। इस सीजन में पहली बार दिल्ली में दिन में गंभीर शीतलहर की स्थिति कुछ जगहों पर बनी रही।

ये भी पढ़ें- Cancelled Train List Today: उत्तर भारत में शीतलहर और कोहरे के कारण बढ़ने लगी है कैंसिल होने वाली ट्रेनों की संख्या, चेक करें लिस्ट

कई जगहों पर अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान भी कुछ जगहों पर पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा। मंगलवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसकी तुलना में देहरादून में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला में 6.2 डिग्री सेल्सियस और नैनीताल में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ठंड से कब मिलेगी राहत?

IMD ने बताया है कि आने वाले दिनों में ठंड का कहर बढ़ सकता है। दिल्ली समेत राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में सर्दी को लेकर मौसम विभाग (IMD) ने अलर्ट जारी किया है। IMD ने बताया है कि अगले 5 दिनों तक इन राज्यों में घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और उत्तर-पश्चिमी राज्यों में 31 दिसंबर तक पारा माइनस में पहुंच सकता है। 31 दिसंबर से 4 जनवरी 2023 तक सीजन के सबसे सर्द दिन हो सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।