IPL 2023: भारत के पूर्व वनडे एक्सपर्ट और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बल्लेबाज अंबाती रायुडू (Ambati Rayudu) ने घोषणा की है कि गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ फाइनल IPL में उनका आखिरी मैच होगा। इंग्लैंड में 2019 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में नहीं चुने जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाले रायुडू ने कुछ साल पहले घरेलू क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया था, लेकिन बाद में फैसला वापिस ले लिया ।
38 साल के इस खिलाड़ी ने हालांकि, रविवार को ट्वीट किया कि इस बार वह फैसला नहीं बदलेंगे । इस सत्र में उन्होंने 15 मैचों में 139 रन बनाए हैं।
उन्होंने ट्वीट किया, "दो बेहतरीन टीमें मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स । 204 मैच, 14 सत्र, 11 प्लेआफ, आठ फाइनल और पांच खिताब। उम्मीद है कि आज रात को छठा भी। ये शानदार सफर रहा । मैंने तय किया है कि आज का फाइनल IPL में मेरा आखिरी मैच होगा। इस शानदार टूर्नामेंट में खेलने का पूरा मजा आया। अब की बार वापसी नहीं।"
रायुडू ने 55 वनडे मैचों में 1694 रन बनाये। T20 क्रिकेट में वह CSK का अभिन्न अंग रहे। फाइनल से पहले वह 203 IPL मैचों में 4329 रन बना चुके हैं। उन्होंने 2018 सत्र में चेन्नई के लिए 602 रन बनाए।
बारिश के कारण GT और CSK के टॉस में देरी
वहीं बारिश के कारण चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच इंडियन प्रीमियर लीग फाइनल के टॉस में देरी हो गई। टॉस से आधा घंटा पहले बारिश शुरू हो गई। फील्ड वर्कर्स ने तुरंत पिच पर दो अलग अलग कवर डाले। इसके अलावा तेज गेंदबाजों के रनअप पर भी कवर डाले गए।
इसके बाद बारिश तेज हो गई और बिजली भी कड़कने लगी, जिससे मैदान पर भारी तादाद में जमा दर्शक कवर तलाशते नजर आए। मेन पिच के पास जहां कवर नहीं डला था, वहां पानी जमा हो गया।
अगर स्थानीय समयानुसार 12 बजकर 56 मिनट तक पांच ओवर का मैच भी संभव नहीं हुआ तो फाइनल कल खेला जा सकता है । अगर मैच नौ बजकर 40 मिनट पर भी शुरू होता है, तो पूरा खेला जायेगा ।
नियमों के अनुसार IPL फाइनल में बारिश आती है, तो मैच अगले दिन खेला जा सकता है। रिजर्व डे पर भी बारिश आती है और खेल नहीं हो सकता है, तो लीग स्टेज में टॉप पर रहने वाली टीम विजेता होगी। पिछले चैंपियन गुजरात टाइटंस लीग स्टेज में टॉप पर थी।