Asia Cup 2022 in UAE: टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को हुआ कोरोना, एशिया कप के लिए नहीं जा पाएंगे दुबई

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में एशिया कप टी-20 टूर्नामेंट में भारत के शुरूआती अभियान से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। Asia Cup 27 अगस्त से UAE में खेला जाएगा

अपडेटेड Aug 23, 2022 पर 12:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Asia Cup 2022 से ठीक पहले टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आया है

Asia Cup 2022 in UAE: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में 27 अगस्त से शुरू होने वाले एशिया कप टी20 टूर्नामेंट में भारत के शुरूआती अभियान से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। बीसीसीआई सूत्रों ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव होने की वजह से वह अब एशिया कप के लिए दुबई नहीं जा सकेंगे। सूत्रों के मुताबिक, रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद वह टीम के साथ जुड़ जाएंगे।

द्रविड़ ने हाल ही में समाप्त हुई तीन मैचों की एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए जिम्बाब्वे की यात्रा नहीं की, जिसे केएल राहुल की अगुआई वाली टीम ने 3-0 से जीत लिया। व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के कारण सीनियर चयन समिति ने द्रविड़, बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर और गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे समेत कोचिंग स्टाफ को आराम दिया है।

ये भी पढ़ें- Sonali Phogat Dies: सोशल मीडिया स्टार और BJP नेता सोनाली फोगाट का गोवा में हार्ट अटैक से निधन


भारत 28 अगस्त को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप में अपने अभियान की शुरूआत करेगा और पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात में आईसीसी टी20 विश्व कप में 10 विकेट से हार का बदला लेना चाहेगा।

इंडिया टुडे डॉट इन पर एक रिपोर्ट में कहा गया है कि यह स्पष्ट नहीं है कि द्रविड़ भारत के शुरूआती मैच के लिए टीम में शामिल होंगे या भारतीय क्रिकेट बोर्ड के मेडिकल स्टाफ से मंजूरी मिलने के बाद यूएई के लिए उड़ान भरेंगे। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अभी तक द्रविड़ के कोविड-19 पॉजिटिव होने की पुष्टि नहीं की है।

28 अगस्त को होगा भारत-पाक का 'महामुकाबला'

टीम इंडिया को आज ही यूएई के लिए रवाना होना है। एशिया कप इसी शनिवार यानी 27 अगस्त से शुरू होने जा रहा है और भारत का पहला मैच 28 तारीख को है। संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में 27 अगस्त से 11 सितंबर तक टी-20 फॉर्मेट में खेले जाने वाले टूर्नामेंट के कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है।

भारतीय क्रिकेट टीम एशिया कप में 28 अगस्त को पाकिस्तान का सामना करेगी। दोनों टीमों के बीच 4 सितंबर को सुपर फोर चरण में दूसरा मुकाबला हो सकता है। कार्यक्रम के मुताबिक, भारत ग्रुप-A में पाकिस्तान और क्वालीफायर टीम के साथ है जिसमें भारत और पाकिस्तान का सामना 28 अगस्त को होगा।

भारतीय टीम 31 अगस्त को ग्रुप की तीसरी टीम क्वालीफायर के साथ भिड़ेगी, जबकि पाकिस्तान की टीम क्वालीफायर के खिलाफ 2 सितंबर को खेलेगी। ग्रुप-B में बांग्लादेश, श्रीलंका और अफगानिस्तान की टीमें है। दोनों ग्रुप की शीर्ष दो-दो टीमें सुपर फोर चरण के लिए क्वालीफाई करेगी।

इसकी काफी संभावना है कि ग्रुप-A से भारत और पाकिस्तान की टीमें सुपर फोर के लिए क्वालीफाई करेंगी, जिसमें दोनों टीमें 4 सितंबर को फिर से एक-दूसरे का सामना कर सकती है। सुपर फोर चरण की शीर्ष दो टीमें 11 सितंबर को खेले जाने वाले फाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।