भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) बुधवार को एशिया कप (Asia Cup 2022) में हांगकांग के खिलाफ (ind vs hong kong) लंबी पारी नहीं खेल पाए और महज 13 गेंदों पर 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 21 रनों की तेज पारी खेलकर आउट हो गए। हालांकि उन्होंने अपनी इस छोटी सी पारी में ट्वी-20 क्रिकेट का नया रिकॉर्ड बना दिया, जो आने वाले दिनों में किसी भी बैट्समैन के लिए तोड़ना आसान नहीं होगा।
रोहित शर्मा बुधवार को टी-20 क्रिकेट में 3,500 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए। इसके साथ अब वह टी-20 क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले दुनिया के बल्लेबाज बन गए हैं। अभी तक टी-20 क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के क्रिकेटर मार्टिन गुप्टिल के नाम था, जिन्होंने 121 मैचों में 3,497 रन बनाए हैं।
वहीं हांग कांग के खिलाफ खेली 21 रनों की पारी के साथ रोहित शर्मा के टी-20 क्रिकेट में कुल रन 3,520 हो गए हैं। रोहित ने इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए 134 मैचे खेले हैं। रोहित ने इन 134 मैचों के दौरान 4 शतक और 27 अर्धशतक मारे हैं। टी-20 में रोहित का सर्वाधिक स्कोर 118 रनों का है।
एशिया कप में इससे पहले रोहित शर्मा पाकिस्तान के खिलाफ 18 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हो गए थे। पाकिस्तानी स्पिन गेंदबाजों ने उन्हें खुलकर खेलने से बांध रखा था। हालांकि आज हांगकांग के खिलाफ रोहित शुरू से ही आक्रामक नजर आ रहे थे। हालांकि एक छोटी सी तूफानी पारी खेलने के बाद 21 रन पर वह कैचआउट हो गए।
ट्वी-20 क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले दुनिया के टॉप-5 बल्लेबाज
1. रोहित शर्मा (भारत) - 3520 रन (134 मैच)
2. मार्टिन गुप्टिल (न्यूजीलैंड) - 3497 रन (134 मैच)
3. विराट कोहली (भारत) - 3380 रन (101 मैच)
4. पॉल स्टर्लिंग (आयरलैंड) - 3011 रन (114 मैच)
5. ऐरोन फिंच (ऑस्ट्रेलिया) - 2855 रन (92 मैच)