पाकिस्तान क्रिकेट (Pakistan Cricket) में इन दिनों काफी उथल पुथल मचा हुआ है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) वर्तमान में खुद को बदलने की कोशिश कर रहा है। पिछले साल दिसंबर में इंग्लैंड के हाथों पाकिस्तान की 3-0 की शर्मनाक हार के बाद पाक क्रिकेट बोर्ड बदलाव के दौर से गुजरा है। रमीज राजा (Ramiz Raja) को हाल ही में बोर्ड से बाहर कर दिया गया और उनकी जगह नजम सेठी (Najam Sethi) को पीसीबी प्रमुख बनाया गया था। पीसीबी की कमान संभालते ही सेठी ने शाहिद अफरीदी (Shahid Afridi) को पाकिस्तान की पुरुष टीम का 'अंतरिम मुख्य चयनकर्ता' नियुक्त किया।
PCB के वरिष्ठ अधिकारियों ने संकेत दिया है कि बाबर आजम (Babar Azam) को किसी न किसी फॉर्मेट में अपनी कप्तानी गंवानी पड़ सकती है। बाबर आजम का कुछ वर्षों से पाकिस्तान क्रिकेट में काफी प्रभाव रहा है, लेकिन बताया जा रहा है कि अब उनके कद को कम किया सकता है। बाबर आजम घरेलू धरती पर लगातार चार टेस्ट मैच हारने वाले पाकिस्तान के एकमात्र कप्तान हैं।
इस बीच, पूर्व कप्तान और कोच मिसबाह उल हक (Misbah-ul-Haq) का मानना है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड में कुछ लोग मौजूदा कप्तान बाबर आजम की स्थिति को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने साथ ही कहा कि इससे टीम के ड्रेसिंग रूम पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
मिसबाह ने मंगलवार को लाहौर में पत्रकारों से कहा कि क्रिकेट मेरे खून में है और मैं हर समय क्रिकेट मैच देखता हूं और क्रिकेट के बारे में पढ़ता हूं। और मैं देख रहा हूं कि टीम में बाबर आजम की स्थिति कमजोर हो रही है।
बोर्ड के साथ तीन साल का अनुबंध होने के बावजूद मिसबाह को सितंबर 2021 में पूर्व अध्यक्ष रमीज राजा ने मुख्य कोच के रूप में इस्तीफा देने के लिए कहा था। मिसबाह ने कहा कि बाबर की प्रेस कॉन्फ्रेंस देखकर कोई भी इसे आसानी से देख सकता है।
मिसबाह ने कहा कि उनसे पूछे जा रहे कुछ सवालों को देखें जो संकेत देते हैं कि एक कप्तान के रूप में उन्हें कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे डर है कि इसका टीम के ड्रेसिंग रूम पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
साल 2019-2020 में मुख्य कोच और मुख्य चयनकर्ता के शक्तिशाली पदों पर रहे मिसबाह ने कहा कि अगर क्रिकेट बोर्ड को बाबर की कप्तानी के साथ समस्या है तो उन्हें उसके और चयनकर्ताओं के साथ बैठकर इस पर चर्चा करनी चाहिए।
रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के मुख्य कोच सकलैन मुश्ताक (Saqlain Mushtaq) फरवरी में अपना अनुबंध समाप्त होने के बाद पद छोड़ सकते हैं। पीसीबी मिकी आर्थर के साथ बातचीत कर रहा था, लेकिन उन्होंने दूसरी बार पुरुष क्रिकेट टीम को कोच करने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया।