भारतीय क्रिकेट फैंस (Indian Cricket Fans) को तोहफा देते हुए डिज्नी प्लस हॉटस्टार (Disney+ Hotstar) ने एक बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने जानकारी दी कि सभी मोबाइल यूजर्स के लिए आगामी एशिया कप (Asia Cup) और आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप (ICC Men’s ODI World Cup) मैचों की स्ट्रीमिंग फ्री में की जाएगी। Disney+ Hotstar ने फ्री स्ट्रीमिंग मोबाइल पर मैचों का सीधा प्रसारण देखने वाले फैंस के लिए करेगी। कंपनी का यह कदम ऐसे समय में आया है जब हाल के महीनों में एशिया के सबसे अमीर भारतीय कारोबारी मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली जियो सिनेमा (Jio Cinema) स्पोर्ट्स मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग पर जमकर दांव लगा रही है। आईपीएल के 16वें सीजन में Jio Cinema ने रिकॉर्ड व्यूवरशिप हासिल की थी।
कंपनी की तरफ से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार डिज्नी प्लस हॉटस्टार ने क्रिकेट को सभी भारतीय फैंस तक आसानी से पहुंचाने के मकसद से यह फैसला लिया गया है। इसी के साथ कंपनी ने अपनी आधिकारिक ऐप डिज्नी प्लस हॉटस्टार को मोबाइल फोन यूजर्स के लिए और अधिक आसान बनाने का फैसला भी किया है। ताकि क्रिकेट फैंस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग का आनंद बिना किसी रुकावट के उठा सके।
इससे पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की Jio Cinema ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2023) का फ्री लाइव प्रसारण किया था। जहां दुनियाभर के क्रिकेट दीवानों का एक बड़ा हुजूम देखने को मिला था। अब डिज्नी प्लस हॉटास्टार ने भी क्रिकेट प्रेमियों को लुभाने के लिए क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 और एशिया कप का फ्री में लाइव प्रसारण करने का ऐलान किया है।
Disney+ Hotstar के प्रमुख साजिथ शिवनंदन ने Exchange4Media को बताया, "डिज़नी+हॉटस्टार भारत में तेजी से विकसित हो रहे OTT इंडस्ट्री में सबसे आगे रहा है। दर्शकों के अनुभव को और सुखद बनाने के लिए हमने जो विभिन्न इनोवेशन पेश किए हैं, उससे हमें पूरे क्षेत्र में अपने दर्शकों को खुश करने में मदद मिली है।"
उन्होंने कहा, "एशिया कप और आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप को व्यापक दर्शकों के लिए उपलब्ध कराने से हमें विश्वास है कि इससे हमें समग्र इको-सिस्टम को विकसित करने में मदद मिलेगी।" बता दें कि Reliance के Viacom18 ने 2023 से 2027 तक लगभग 2.9 बिलियन डॉलर में IPL डिजिटल स्ट्रीमिंग अधिकार हासिल किए हैं, जो पहले डिज्नी के पास थे।
अंबानी के मीडिया वेंचर ने IPL के डिजिटल अधिकार हासिल करने के लिए डिज्नी समेत अन्य कंपनियों को पीछे छोड़ दिया। इसके बाद अब मोबाइल यूजर्स को तोहफा देने का फैसला करते हुए डिज्नी प्लस हॉटस्टार ने न सिर्फ लोगों को खुशखबरी दी है, बल्कि क्रिकेट प्रेमियों की एक बड़ी ऑडियंस को लुभाने की कोशश के तौर पर देखा जा रहा है।