ICC One-Day World Cup 2023: भारत की मेजबानी में खेले जा रहे वनडे विश्व कप में रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया ने अभी तक अपना विजयी अभियान धाकड़ तरीके से जारी रखा है। हालांकि मैदान पर भले ही टीम इंडिया इस वक्त बाकी सभी टीमों के मुकाबले सबसे ज्यादा जबूत है पर अब इस टीम के लिए छोटी सी दिल दुखाने वाली खबर आई है। दरअसल टीम इंडिया के स्टार आलराउंडर हार्दिक पांड्या टखने की चोट के चलते इस पूरे वर्ल्ड कप टूर्नामेंट से ही बाहर हो गए हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ मैच में हुए थे चोटिल
पिछले महीने पुणे में बांग्लादेश के खिलाफ भारत के मैच के दौरान गेंदबाजी करते समय पंड्या के बाएं टखने में चोट लग गई थी। शनिवार को टूर्नामेंट की इवेंट टेक्निकल कमेटी की तरफ से उनके नाम को मंजूरी दिए जाने के बाद कर्नाटक के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा भारतीय टीम में पंड्या की जगह लेंगे। कृष्णा ईडन गार्डन्स में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के नेट मैच के लिए चयन के लिए उपलब्ध होंगे।
प्रसिद्ध कृष्णा बनेंगे टीम का हिस्सा
ICC ने अपनी एक रिलीज में बताया है कि भारतीय टीम में पांड्या की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को शामिल किया जाएगा। शनिवार को टूर्नामेंट की इवेंट टेक्निकल कमेटी की तरफ से मंजूरी मिलने के बाद तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया जाएगा। 5 नवंबर यानी रविवार को भारतीय टीम कोलकाता के ऐतिहासिक स्टेडियम इडन गार्डन में शानदार फॉर्म में चल रही साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपना विजयी अभियान जारी रखने के इरादे से उतरेगी। वर्ल्ड कप के प्वाइंट्स टेबल में जहां टीम इंडिया 14 अंकों के साथ पहले नंबर पर विराजमान है तो वहीं साउथ अफ्रीका भी 12 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर विराजित है।
पांड्या ने इंस्टाग्राम पर लिखा इमोशनल नोट्स
पांड्या ने वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद अपने ऑफीशियल इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल नोट भी शेयर किया। उन्होंने लिखा कि इस सच्चाई को सहन कर पाना थोड़ा सा मुश्किल है कि मैं आगे वर्ल्ड कप का हिस्सा नहीं हूं। मैं पूरी भावना के साथ टीम के साथ रहूंगा और हर खेल की हर गेंद पर उनका जोश बढ़ाऊंगा। सभी की शुभकामनाओं, प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद, यह अविश्वसनीय है। यह टीम विशेष है और मुझे यकीन है कि हम सभी को गौरवान्वित करेंगे।