World Cup 2023: कई महीनों के इंतजार के बाद आखिरकार ICC वनडे वर्ल्ड कप का आगाज हो चुका है। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच वर्ल्ड कप 2023 का ओपनिंग मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi stadium in Ahmedabad) में खेला जा रहा है। भारत सहित दुनियाभर के क्रिकेट फैंस को उम्मीद थी कि बड़ी तादात में फैंस इस मैच को देखने आएंगे। लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं हुआ। वर्ल्ड कप 2023 के ओपनिंग मैच में स्टेडियम बिल्कुल खाली दिखा। 130,000 से अधिक सीटों की क्षमता वाला दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम खचाखच भरने की जगह खाली नजर आ रहा है। इससे दुनियाभर के क्रिकेट फैंस निराशा हुए।
तमाम यूजर्स ने सोशल मीडिया पर निराशा व्यक्त किया। X पर वायरल फोटो और वीडियो में बड़ी संख्या में कुर्सियां खाली दिख रही हैं। इस कारण सोशल मीडिया पर क्रिकेट फैंस ने सवाल भी उठाए। गुरुवार दोपहर दो बजे भीषण गर्मी में शुरू हुए इस ओपनिंग मैच के लिए क्रिकेट फैंस में बहुत उत्साह नहीं दिखा। जानकारों का कहना है कि पहले मैच में भारतीय टीम शामिल ना होना इसके पीछे की एक वजह हो सकती है।
टीम इंडिया टूर्नामेंट का अपना पहला मैच रविवार, 8 अक्टूबर को चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी। सोशल मीडिया यूजर्स वर्ल्ड कप के ओपनिंग मैच में इतना कम दर्शक देख भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को ट्रोल कर रहे हैं।
सहवाग ने की फ्री टिकट देने की अपील
टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने वर्ल्ड कप के आयोजकों को सुझाव दिया है कि टीम इंडिया को छोड़कर अन्य टीमों के मैचों के लिए स्कूल और कॉलेज के छात्रों को फ्री टिकट देना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेज के बच्चों के लिए मुफ्त टिकट होने चाहिए। 50 ओवर के खेल में घटती रुचि के बीच इससे निश्चित रूप से मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि युवाओं को वर्ल्ड कप खेल का अनुभव मिलेगा और खिलाड़ियों को खचाखच भरे स्टेडियम में खेलने का मौका मिलेगा। वर्ल्ड कप के शुरुआती मैच के अलावा अहमदाबाद अन्य प्रमुख खेलों जैसे भारत बनाम पाकिस्तान, इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया और 19 नवंबर को फाइनल की भी मेजबानी करेगा।
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ उद्घाटन मैच में 9 विकेट पर 282 रन बनाए। इंग्लैंड की तरफ से जो रूट ने सर्वाधिक 77 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने 3, जबकि मिशेल सेंटनर और ग्लेन फिलिप्स ने दो-दो विकेट लिए। फिलहाल, न्यूजीलैंड खेल रहा है।